डिजिटल क्रांति ने जीवन को जितना आसान बनाया है, उतनी ही तेजी से साइबर अपराध की चुनौती भी गंभीर होती जा रही है। मोबाइल बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान, इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं पर बढ़ती निर्भरता के बीच साइबर ठग आम आदमी की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। जयपुर सहित राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में साइबर ठगी के मामले सामने आना और देशभर में ऐसी घटनाओं का लगातार होना चिंता का विषय है। अब साइबर अपराध केवल तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है।
साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए रोज नए तरीके अपना रहे हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर खाते की जानकारी मांगी जाती है, तो कभी केवाईसी अपडेट, बिजली बिल, नौकरी, निवेश और आकर्षक इनाम के नाम पर लोगों को झांसा दिया जाता है। फर्जी लिंक, ओटीपी और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए खातों तक पहुंच बनाई जाती है। कई मामलों में ठग पुलिस, जांच एजेंसी या सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को डराते हैं और डिजिटल गिरफ्तारी जैसी मनगढ़ंत धमकियों से रकम ऐंठ लेते हैं। इन अपराधों का सबसे दुखद पहलू यह है कि पीड़ितों की वर्षों की बचत कुछ ही मिनटों में गायब हो जाती है।
साइबर ठगी पर अंकुश लगाने के लिए केवल पुलिस कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। इसके लिए तकनीकी व्यवस्था, प्रशासनिक तत्परता और जनजागरूकता का समन्वय जरूरी है। बैंकों और डिजिटल भुगतान कंपनियों को संदिग्ध लेन-देन की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। साइबर अपराध की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर धनराशि को आगे हस्तांतरित होने से रोकने के प्रयास किए जाने चाहिए। पुलिस को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षित कर्मचारियों और अंतरराज्यीय समन्वय के माध्यम से अपराधियों तक पहुंचना होगा। साथ ही, ऐसे मामलों की जांच और दोषियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया प्रभावी बनानी होगी। आम नागरिकों की सतर्कता भी इस लड़ाई का अहम हिस्सा है। किसी अनजान व्यक्ति से ओटीपी, पिन, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और अविश्वसनीय निवेश योजनाओं के लालच में आने से बचें। याद रखें, कोई भी असली पुलिस अधिकारी डिजिटल गिरफ्तारी के नाम पर पैसे जमा करने का आदेश नहीं देता। साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। डिजिटल भारत का सपना तभी सुरक्षित और सार्थक होगा, जब नागरिकों का डिजिटल व्यवस्था पर भरोसा कायम रहेगा। साइबर ठगों के जाल को तोडऩे के लिए सरकार, बैंक, पुलिस और समाज को मिलकर काम करना होगा। सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और कठोर कानून का प्रभावी क्रियान्वयन ही आम आदमी की गाढ़ी कमाई की रक्षा कर सकता है।

