पीएम-किसान निधि की 24वीं किस्त जारी, 9.34 करोड़ किसान परिवारों को मिले 18,680 करोड़ रुपए
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के खातों में 18,680 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से किसानों को भेजी गई। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम के तहत यह किस्त जारी की गई। इसका उद्देश्य किसानों को जारी वित्तीय सहायता को मजबूती देना और कृषि क्षेत्र में आय समर्थन प्रदान करना है।
गुजरात के किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
इस किस्त का सबसे बड़ा लाभ गुजरात के किसानों को भी मिला। राज्य के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों के खातों में 1,051 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि हस्तांतरित की गई। गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वघाणी ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के बाद मीडिया को इसकी जानकारी दी थी। वघाणी के अनुसार, योजना की पहली 23 किस्तों के माध्यम से देशभर के 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को कुल 4.47 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की सहायता प्रदान की जा चुकी है। वहीं गुजरात में अब तक 69.26 लाख लाभार्थी किसानों को 24,137 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है।
विभिन्न योजनाओं से जुड़े स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए
24वीं किस्त जारी करने के अवसर पर देशभर में कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया गया। गुजरात में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 34 जिला स्तरीय कार्यक्रमों और 2,100 से अधिक क्लस्टर स्तरीय आयोजनों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी किसानों को कृषि एवं बागवानी विभागों की विभिन्न योजनाओं से जुड़े स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। पीएम-किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को नियमित अंतराल पर आय सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उनकी कृषि गतिविधियों और घरेलू जरूरतों को सहयोग मिलता है।
पीएम आज भी करेंगे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
भीलडी में आयोजित कार्यक्रम को बनासकांठा जिले की कई कृषि और पशुपालन परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास से भी जोड़ा गया। इनमें 328.77 करोड़ रुपए की लागत वाले भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर, बनास डेयरी की थराद और राधनपुर में प्रस्तावित दो कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र, आलू प्रसंस्करण इकाई के विस्तार तथा अल्ट्रा हाई टेम्परेचर उत्पादों के लिए स्वचालित भंडारण एवं पुनर्प्राप्ति प्रणाली का उद्घाटन शामिल है। प्रधानमंत्री का दौरा एकता नगर तक भी विस्तारित है।
31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे तथा एकता नगर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वह आरंभ 2026 कार्यक्रम में भाग लेंगे, प्रशिक्षु सिविल सेवकों से संवाद करेंगे और राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह में परेड का निरीक्षण कर सलामी लेंगे। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहेंगे।

