अमेरिका की प्रमुख सॉफ़्टवेयर कंपनी Adobe ने भारत में अपने विस्तार को आगे बढ़ाते हुए नोएडा में नया कार्यालय शुरू किया है। कंपनी ने यह कदम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचार और तकनीकी विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया है। यह नया कार्यालय नोएडा के सेक्टर 129 में स्थित है और भारत में कंपनी का सातवां जबकि उत्तर प्रदेश में तीसरा कार्यालय बन गया है। कंपनी के अनुसार, इस नए परिसर में वर्तमान समय में 700 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें इंजीनियरिंग और ग्राहक सेवाओं से जुड़े विभिन्न विभाग शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि यह कार्यालय आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस है और इसे इस प्रकार तैयार किया गया है ताकि कर्मचारी बेहतर सहयोग के साथ नवाचार पर काम कर सकें।
Adobe इंडिया के कंट्री मैनेजर और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट डॉक्यूमेंट क्लाउड अभिज्ञान मोदी ने कहा कि दुनिया तेजी से एआई और एजेंटिक तकनीकों की ओर बढ़ रही है तथा कंपनी इस बदलाव में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि नोएडा कार्यालय का उद्घाटन भारत से नवाचार को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कंपनी की कर्मचारी अनुभव प्रमुख स्वाति रुस्तगी ने बताया कि इस कार्यालय को तेजी से बदलते तकनीकी माहौल को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां कर्मचारियों को सहयोगात्मक माहौल, नई तकनीकी सुविधाएं और आधुनिक कार्यस्थल उपलब्ध कराया गया है, जिससे टीमों के बीच बेहतर तालमेल बन सके। नोएडा स्थित यह परिसर पर्यावरण अनुकूल ढांचे पर आधारित है और इसे आईजीबीसी प्लैटिनम प्रमाणन प्राप्त हुआ है। भवन में ऊर्जा दक्ष प्रणालियों, टिकाऊ निर्माण पद्धतियों और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार ढांचे का उपयोग किया गया है।
Adobe ने भारत में वर्ष 1997 में इंजीनियरिंग अनुसंधान और विकास केंद्र के रूप में काम शुरू किया था। इसके बाद से कंपनी ने लगातार विस्तार किया है। वर्तमान में भारत में कंपनी के 8000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, जो अमेरिका के बाहर कंपनी का सबसे बड़ा कार्यबल माना जाता है। वैश्विक नवाचार उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी एक-तिहाई से अधिक बताई गई है। कंपनी ने इस वर्ष छात्रों के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए भी बड़ा कदम उठाया था। इसके तहत भारत के मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को फायरफ्लाई, फोटोशॉप और एक्रोबैट जैसे डिजिटल उपकरणों की मुफ्त सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। कंपनी का उद्देश्य एआई आधारित भविष्य के लिए तैयार कार्यबल विकसित करना है।

