बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। मुम्बई आधारित कंपनी ‘एएए टेक्नोलॉजिस लि.’ आईटी, इंर्फोमेशन सिक्योरिटी ऑडिटिंग और कंसल्टिंग क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख कंपनी है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही और छमाही के वित्तीय परिणाम प्रस्तुत किए हैं। इस तिमाही और छमाही में कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन गत वर्ष की समान अवधि के मुकाबले काफी अच्छा रहा है। इस लेख में कंपनी की कारोबारी गतिविधियों पर प्रकाश डाला गया है।
कारोबारी गतिविधियां
वर्ष 2000 में एएए टेक्नोलॉजिस प्रा. लि. का इनकॉर्पोरेशन हुआ था। कंपनी वर्तमान में आईटी, इंर्फोमेशन सिक्योरिटी ऑडिटिंग और कंसल्टिंग क्षेत्र में कार्यरत है। आईटी ऑडिटिंग सर्विसेज में कंपनी कई प्रकार की सर्विसेज जैसे इंर्फोमेशन सिस्टम ऑडिट, साईबर सिक्योरिटी, आईटी अस्योरेंस एंड कंप्लायंस इनर्फोमेशन सिक्योरिटी और आईटी गर्वनेंस सर्विसेज मुहैया करवा रही है। कंपनी के प्रोडक्ट एवं सर्विस पोर्टफोलियो में आईटी सर्विस के साथ ऑडिटिंग ऑपरेटिंग सिस्टम्स, नेटवर्किंग, आईडीएस, वेब एप्लिकेशंस, ईआरपी, कोर बैकिंग, एटीएम,फोरेंसिक, कंप्यूटर क्राईम इंवेस्टीगेशंस इत्यादि शामिल हैं। कंपनी द्वारा वर्तमान में कई प्रकार की इंडस्ट्रीज जैसे बैकिंग, फाईनेंशियल इंस्टीट्यूट, इंश्योरेंस, एनबीएफसी, गर्वमेंट पंचायत, नगरनिगम, स्टॉक ब्रोकर्स, एजूकेशन, ट्रैवल एंड ट्रांसपोर्ट, हॉस्पिटेलिटी, मैन्यूफेक्चरिंग, हैल्थकेयर, पॉवर इत्यादि में सर्विसेज दी जा रही हैं।
वित्तीय प्रदर्शन
स्टैंडलोन बैलेंस शीट के अनुसार 30 सितम्बर 2025 को समाप्त वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 4.72 करोड़ रुपए के मुकाबले 77.75 फीसदी बढक़र 8.39 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। उक्त अवधि में कंपनी ने गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 1.15 करोड़ रुपए के मुकाबले 1.16 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। 30 सितम्बर 2025 को समाप्त वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में कंपनी का कुल राजस्व गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 8.64 करोड़ रुपए के मुकाबले 50.92 फीसदी बढक़र 13.04 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। उक्तअवधि में कंपनी ने गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 1.96 करोड़ रुपए के मुकाबले 1.97 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन करीब 13 फीसदी का रहा है। 30 सितम्बर 2025 को समाप्त वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में कंपनी ने 1.54 रुपए का ईपीएस अर्जित किया है। अगस्त में निदेशक मंडल ने 15 फीसदी यानी 1.50 रुपए प्रति शेयर का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की थी। कंपनी की स्थिति वर्तमान में लगभग कर्ज मुक्त है।
प्रवर्तक अनुभव
55 वर्षीय अंजय अग्रवाल कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हैं। उनको सूचना सुरक्षा ऑडिट में 29 वर्षों से अधिक के समृद्ध और व्यापक अनुभव सहित कुल 32 वर्षों का अनुभव है। वे एक योग्य
चार्टर्ड अकाउंटेंट, कंपनी सचिव, लागत लेखाकार, बी.कॉम स्नातक (मुंबई विश्वविद्यालय), वकील (मुंबई विश्वविद्यालय से) हैं। इसके अलावा, उन्होंने अपने आईटी ऑडिट क्षेत्र से संबंधित CRISC (USA), CGEIT (USA), CISA (USA), CFE (USA), CIA (USA), A.B.C.I (UK), ISA, PGDFERM, DIRM, BS7799 प्रमाणित लीड इम्प्लीमेंटर, आईएसओ 27001 प्रमाणित लीड इम्प्लीमेंटर, आईएसओ 27001 प्रमाणित लीड ऑडिटर, BCMS प्रमाणित लीड इम्प्लीमेंटर, CEH, ECSA, LPT, CFAP-IT, COBIT 5 फाउंडेशन, COBIT 5 इम्प्लीमेंटर, COBIT प्रमाणित निर्धारक में प्रमाणन भी प्राप्त किया है। वे COBIT प्रमाणित मूल्यांकनकर्ता पदनाम से सम्मानित होने वाले विश्व के 55वें पेशेवर हैं। वे अब तक सूचना सुरक्षा/साइबर सुरक्षा से संबंधित 10,000 से अधिक कार्यों में शामिल रहे हैं। वे ISACA, इंटरनेशनल के सरकारी एवं नियामक एजेंसी बोर्ड (GRA बोर्ड) के अध्यक्ष नियुक्त होने वाले एशिया के पहले व्यक्ति थे।
70 वर्षीय वेणुगोपाल मदनलाल धूत कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी हैं। उनको कुल 39 वर्षों का अनुभव है, जिसमें लगभग 21 वर्षों का अनुभव सूचना सुरक्षा ऑडिट में है। वे एक योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से एलएलबी और बी. कॉम (ऑनर्स) की डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा, उन्होंने डीआईएसए, डीआईआरएम और सीईएच में भी प्रमाणन प्राप्त किया है। वे कंपनी में वित्त एवं लेखा, बिक्री, विपणन और सोर्सिंग तकनीक का कार्यभार संभालते हैं।
आईपीओ के मायने
अक्टूबर 2020 में कंपनी का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आया था। तब कंपनी ने 42 रुपए प्रति शेयर के भाव पर 24,36,000 शेयर जारी कर 10.23 करोड़ रुपए जुटाए थे। वर्तमान में कंपनी का शेयर करीब 101.34 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा है। लिस्टिंग से कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है और कंपनी में रिटेल निवेशकों की भागीदारी भी बढ़ी है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

