बिजनेस रेमेडीज़/उदयपुर। हिल्टन के फ्लैगशिप ब्रांड, हिल्टन होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने उदयपुर में अनुबंध पर हस्ताक्षर की घोषणा की, जो ‘झीलों की नगरी’ के रूप में प्रसिद्ध है। यह 118-कमरों वाला हिल्टन उदयपुर, एलिसियन होटल्स प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से विकसित किया जाएगा और इसे 2026 की शुरुआत में खोला जाएग। हिल्टन फिलहाल राजस्थान में अपने दो होटलों, यानी हिल्टन जयपुर और डबलट्री बाय हिल्टन जयपुर आमेर का संचालन कर रहा है। यह हस्ताक्षर उत्तर-पश्चिमी राज्य में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के लिए हिल्टन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें 2023 में प्रतिष्ठित वाल्डोर्फ एस्टोरिया ब्रांड का हस्ताक्षर और इस वर्ष की शुरुआत में जयपुर में भारत का तीसरा कॉनराड होटल्स एंड रिसॉर्ट्स संपत्ति का हस्ताक्षर भी शामिल है।
इस मौके पर ज़ुबिन सक्सेना, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं रीजनल हेड, साउथ एशिया, हिल्टन, ने कहा कि उदयपुर में हमारे पहले हिल्टन के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर करना सही मायने में हमारी प्रगति के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि यह भारत के सबसे मूल्यवान पर्यटन स्थलों पर अपनी मौजूदगी दर्ज करने की हमारी रणनीतिक विस्तार योजना से जुड़ा है। अक्सर उदयपुर शहर को ‘पूर्व का वेनिस’ कहा जाता है, जो देश-विदेश के लोगों के बीच पर्यटन के साथ-साथ शादियों के आयोजन के लिए भी एक पसंदीदा डेस्टिनेशन बन गया है। यह हमें इस शहर में पर्यटकों के ठहरने के लिए शानदार जगह की बढ़ती मांगों को पूरा करने का एक बेमिसाल अवसर प्रदान करता है। हमें एलिसियन होटल्स के रूप में एक बेजोड़ साझेदार मिला है और हम साथ मिलकर जबरदस्त आकर्षण से भरे उदयपुर शहर में आगंतुकों को अव्वल दर्जे की मेहमाननवाज़ी का अनुभव प्रदान करेंगे।
उदयपुर को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, हैरत में डाल देने वाली वास्तुकला और बेहद मनोरम झीलों के लिए जाना जाता है, जो पर्यटन के क्षेत्र में राजस्थान का सिरमौर है। नवनिर्मित हिल्टन उदयपुर से पिछोला झील और फतेह सागर झील के साथ-साथ शहर की मशहूर झीलों तथा महलों का बड़ा ही मनमोहक नज़ारा दिखाई देगा। उदयपुर के सिटी सेंटर, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन से सहज कनेक्टिविटी की वजह से यह होटल सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन के रूप में उन सभी यात्रियों का ध्यान अपनी ओर खींचेगा, जिन्हें राजस्थान के दिल में आरामदेह सुविधाओं और बेमिसाल मेहमाननवाज़ी की तलाश है।
चारों ओर हरे-भरे बगीचों से घिरे हिल्टन उदयपुर का निर्माण-कार्य पूरा होने के बाद इसमें मेहमानों के लिए 118 आलीशान कमरे एवं बड़े आकार के शानदार सुइट्स उपलब्ध होंगे, जिनमें से प्रत्येक को इस डेस्टिनेशन की बेमिसाल खूबसूरती तथा सांस्कृतिक रीति-रिवाज़ों को दर्शाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह होटल नए जमाने की तमाम सुविधाओं और पारंपरिक आकर्षण के बेमिसाल संगम की पेशकश करेगा। राजस्थान में वेडिंग मार्केट का बड़ी तेजी से विस्तार हो रहा है, जिसे ध्यान में रखते हुए इस होटल में कार्यक्रमों के आयोजन के लिए 1,850 वर्ग-मीटर का इनडोर तथा 438 वर्ग-मीटर का आउटडोर स्पेस का तैयार किया जाएगा, जिसमें लॉन और कोर्टयार्ड शामिल हैं। ये सारी सुविधाएं इस होटल को डेस्टिनेशन वेडिंग के अलावा सामाजिक समारोहों और कॉर्पोरेट बैठकों की मेजबानी के लिए सबसे शानदार विकल्प बनाते हैं। यहाँ आने वाले मेहमान होटल के चार डाइनिंग आउटलेट्स में बेहद ज़ायकेदार व्यंजनों का लुत्फ़ उठा सकते हैं, जिनमें दिन भर खुला रहने वाला एक रेस्टोरेंट, एक स्पेशलिटी वेन्यू, और एक बार शामिल है, जबकि बड़े पैमाने पर मनोरंजन के लिए उपलब्ध सुविधाओं में एक आउटडोर पूल, स्पा, फिटनेस सेंटर एवं एक एग्जीक्यूटिव लाउंज शामिल है।
एलिसियन होटल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक, रवींद्र सिंह ने कहा कि हिल्टन जैसे विश्वस्तरीय ब्रांड के साथ होटल व्यवसाय में हमारा यह पहला कदम है, और हमें उदयपुर का पहला हिल्टन होटल लाने पर गर्व है। शहर की प्रसिद्ध झील के पास स्थित यह होटल, यहाँ की शाही परंपरा को दर्शाते हुए एक नया मापदंड स्थापित करेगा और उदयपुर को एक बेहतर पर्यटन और शादी-समारोह के गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा।

