बिजनेस रेमेडीज़/निम्बाहेड़ा। वंडर सीमेंट लिमिटेड, आर. के. नगर, निम्बाहेड़ा द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा एवं आधारभूत विकास हेतु वर्ष 2023-24 में 1 करोड़ 48 लाख रुपये द्वारा विभिन्न राजकीय विद्यालयों में करवाये गये उल्लेखनीय कार्यों हेतु वंडर सीमेंट लि. को राजस्थान सरकार द्वारा उदयपुर के विवेकानंद सभागार में आयोजित ‘28वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2024’ में कम्पनी के पूर्णकालिक निदेशक परमानन्द पाटीदार एवं सी.एस.आर. हेमेन्द्र सिंह झाला को शिक्षा मंत्री राजस्थान सरकार मदन दिलावर एवं जनजाति विकास विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी, शिक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव कृष्ण कुणाल द्वारा ‘शिक्षा विभूषण’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वंडर सीमेंट लि. के यूनिट हेड नितिन जैन ने बताया कि आर. के. मार्बल ग्रुप की तरह ही वंडर सीमेंट लि. की भी पहली प्राथमिकता राजकीय विद्यालयों का आधारभूत विकास एवं गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा रही हैं। वर्ष 2023-24 में कम्पनी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत विकास के लिए निरन्तर तत्पर रहते हुए वंडर उडान कार्यक्रम अन्तर्गत परियोजना क्षेत्र के नजदीकी गांवों के समस्त राजकीय विद्यालयों के भौतिक परिवेश में सुधार हेतु राजकीय विद्यालयों में नवीनीकरण कार्य, कक्षा-कक्षों मय बरामदे का निर्माण, बॉस्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, प्रार्थना स्थल, स्टेज, शौचालय यूनिट, स्वागत द्वार निर्माण सहित राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की बैठक व्यवस्था के लिये अब तक 3381 फर्नीचर सेट भी उपलब्ध कराये गयेे है। विद्यालयों में गुणवत्तायुक्त डिजिटल शिक्षण हेतु इंटरएक्टिव फ्लेट पैनल, कम्प्यूटर लेब की स्थापना, विद्युतीकरण जैसे कई अहम कार्य करवाये गये हैं। साथ ही राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों के लिये शिक्षण सामग्री उपलब्ध करा शैक्षणिक एवं सह शैक्षणिक गतिविधियों में स्कूल डिजिटलाइजेशन प्रोजेक्ट अन्तर्गत सहयोग करते हुए जिला चित्तौडग़ढ़, प्रतापगढ़ एवं जैसलमेर के राजकीय विद्यालयों में कई कार्य किये हैं।

