भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौता अब अपने निर्णायक दौर में है। जहांंं कानूनी मसौदे पर चर्चा लगभग पूरी हो चुकी है और अधिकांश अहम मुद्दों पर सहमति बन गई है। हालांकि औपचारिक हस्ताक्षर की सटीक समय-सीमा अभी अमेरिकी शुल्क नीति की कानूनी स्पष्टता पर निर्भर करती है, पर दोनों देशों ने ‘मिशन 500’ के तहत 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने का दीर्घकालिक लक्ष्य रखा है। दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच यह समझौता केवल आयात-निर्यात बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि भारत की वैश्विक आर्थिक शक्ति और सामरिक स्थिति मजबूत करने का अवसर भी है। हालांकि, इस समझौते में भारत को लाभ तभी मिलेगा, जब वह अपने राष्ट्रीय हितों और घरेलू उद्योगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। दोनों देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते का प्रारूप फरवरी, 2026 में सामने आया था। इसके तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर पारस्परिक शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत करने की सहमति जताई थी। वहीं भारत ने अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं और कुछ कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क कम करने या समाप्त करने पर सहमति व्यक्त की थी। समझौते से भारत को सबसे बड़ा फायदा निर्यात के क्षेत्र में मिल सकता है। कपड़ा, परिधान, चमड़ा, जूते, रसायन, प्लास्टिक, मशीनरी, हस्तशिल्प और अन्य उत्पादों के लिए अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और विदेशी निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। जेनेरिक दवाओं, हीरे-जवाहरात और विमान कलपुर्जों जैसे क्षेत्रों को भी शुल्क संबंधी राहत मिलने की संभावना है। इसके अलावा अमेरिकी तकनीक, ऊर्जा और निवेश से भारत के विनिर्माण तथा डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूती मिल सकती है। भारत को बातचीत में कुछ बुनियादी बातों पर अडिग रहना चाहिए। कृषि, डेयरी, खाद्यान्न और छोटे किसानों के हितों से समझौता नहीं होना चाहिए। घरेलू उद्योगों और एमएसएमई को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय जरूरी हैं। अमेरिका को भारतीय निर्यात पर स्थिर और प्रतिस्पर्धी शुल्क व्यवस्था की गारंटी देनी चाहिए। वीजा, पेशेवर सेवाओं और भारतीय आईटी कंपनियों के हितों को भी व्यापक समझौते में जगह मिलनी चाहिए। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता आर्थिक विकास का बड़ा अवसर है, लेकिन इसकी सफलता समझौते पर हस्ताक्षर करने में नहीं, बल्कि उससे मिलने वाले वास्तविक लाभ में निहित है।
