हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आज राष्ट्रीय मिर्गी दिवस मनाया जाएगा। मिर्गी (एपिलेप्सी) मस्तिष्क से जुड़ा एक न्यूरोलॉजिकल विकार है, जिसमें मस्तिष्क की असामान्य विद्युत गतिविधियों के कारण व्यक्ति को बार-बार दौरे पड़ते हैं। आज भी हमारे समाज में मिर्गी को लेकर कई तरह के अंधविश्वास, जादू-टोना और भ्रांतियां व्याप्त हैं। इसे एक सामाजिक अभिशाप के बजाय एक सामान्य और उपचार योग्य बीमारी के रूप में स्थापित करने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के मुख्य उद्देश्य से ही यह दिवस मनाया जाता है। मिर्गी केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों और भेदभाव से लडऩे की भी चुनौती है। इसका मुख्य मकसद लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करना, समय पर पहचान और उपचार के लिए प्रेरित करना तथा मिर्गी से पीडि़त व्यक्तियों के प्रति समाज का नजरिया बदलना है। भारतीय मिर्गी संघ ने वर्ष 1990 में इंदौर में आयोजित अपनी बैठक में प्रतिवर्ष 17 नवंबर को राष्ट्रीय मिर्गी दिवस मनाने का निर्णय लिया था। इसका पहला आयोजन वर्ष,1991 में हुआ। सरकारी प्रयासों की बात करें तो भारत में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के माध्यम से जांच और उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के जरिए पात्र लोगों को अस्पताल में उपचार की आर्थिक सुरक्षा भी मिलती है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मिर्गी की पहचान, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाना जरूरी है। राष्ट्रीय मिर्गी दिवस तभी सार्थक होगा, जब जागरूकता अभियानों का असर समाज के व्यवहार में दिखाई दे। मिर्गी से पीडि़त व्यक्ति को सहानुभूति नहीं, बल्कि सम्मान, समान अवसर और उचित उपचार चाहिए। सरकार, चिकित्सा जगत, शैक्षणिक संस्थानों और समाज को मिलकर यह संदेश देना होगा कि मिर्गी लाइलाज नहीं है। सही उपचार से अधिकांश मरीज सामान्य और सम्मानजनक जीवन जी सकते हैं।
