ईरान-इजरायल व अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में पिछले दिनों हुई बढ़ोतरी से लगता है कि आने वाले वक्त में देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होने की प्रबल संभावना है। वर्तमान में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 723.8 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जो एक ऐतिहासिक उच्च स्तर पर कहा जा सकता है। इससे जहां भारत को अपनी आयात आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। वहीं यह डॉलर के मुकाबले रुपए को मजबूती प्रदान करेगा, जिससे अर्थव्यवस्था को लाभ होगा। विदेशी मुद्रा भंडार वे संपत्तियां हैं, जो किसी विदेशी मुद्रा में होती हैं और जिन्हें किसी देश का केंद्रीय बैंक अपने पास रखता है। इन भंडारों का उपयोग देनदारियों को पूरा करने और मौद्रिक नीति को प्रभावित करने के लिए किया जाता है। विदेशी मुद्रा भंडार में बैंकनोट, जमा राशियां, बॉन्ड, ट्रेजरी बिल और अन्य सरकारी प्रतिभूतियां शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी से निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा, जिससे घरेलू और विदेशी निवेश में वृद्धि होना स्वाभाविक है। जो भारत की आर्थिक आत्मनिर्भरता को दर्शाता है और वैश्विक अनिश्चितताओं से निपटने में मदद करेगा। मजबूत विदेशी भंडार होने से भारतीय रुपए की विनिमय दर डॉलर के मुकाबले स्थिर रहती है, जिससे आयात सस्ता होता है और महंगाई पर नियंत्रण पाने में मदद मिलती है। देश की मजबूत वित्तीय स्थिति के कारण सरकार और कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजारों से कम ब्याज दरों पर अधिक आसानी से कर्ज ले सकती हैं।

