Wednesday, July 1, 2026 |
Home Breaking Newsमध्य पूर्व में तनाव से सेंसेक्स 1,122 अंक लुढक़ा

मध्य पूर्व में तनाव से सेंसेक्स 1,122 अंक लुढक़ा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/मुंबई (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर बुधवार को भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दिया और बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई का सेंसेक्स 1,122.66 अंक यानी 1.40 प्रतिशत टूटकर 79,116.19 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी 385.20 अंक यानी 1.55 प्रतिशत गिरकर 24,480.50 के स्तर पर आ गया। कारोबार के दौरान अधिकांश सेक्टरों में बिकवाली हावी रही।

सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी मेटल सबसे बड़ा नुकसान झेलने वाला रहा, जो 3.99 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसके अलावा निफ्टी पीएसयू बैंक 3.24 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी 3.11 प्रतिशत, निफ्टी ऑयल एंड गैस 3.09 प्रतिशत, निफ्टी मीडिया 3.05 प्रतिशत, निफ्टी कमोडिटीज 2.87 प्रतिशत और निफ्टी पीएसई 2.55 प्रतिशत गिरकर बंद हुए। वहीं, निफ्टी आईटी 0.11 प्रतिशत की मामूली बढ़त दर्ज करने वाला एकमात्र सेक्टर रहा।

बाजार में गिरावट केवल लार्जकैप तक सीमित नहीं रही, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2.16 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 2.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

इस दौरान बाजार में अस्थिरता भी बढ़ी। इंडिया विक्स में 23 प्रतिशत से अधिक की तेज उछाल दर्ज की गई, जो निवेशकों के बीच बढ़ती घबराहट और अनिश्चितता का संकेत देती है।

सेंसेक्स के शेयरों में भारती एयरटेल, इन्फोसिस और टेक महिंद्रा बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं टाटा स्टील, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, एचयूएल, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी और बीईएल में गिरावट दर्ज की गई।

मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, निफ्टी ने 24,570-24,600 के महत्वपूर्ण सपोर्ट स्तर को तोड़ दिया है और 24,481 पर बंद हुआ है। आरएसआई 30 के स्तर पर बना हुआ है, जो बाजार में कमजोरी का संकेत देता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले सत्रों में 24,350-24,300 के बीच अगला अहम सपोर्ट देखा जा सकता है। यदि यह स्तर भी टूटता है तो निफ्टी 24,100 तक फिसल सकता है। वहीं, तेजी की स्थिति में 24,650-24,700 के बीच मजबूत रुकावट देखने को मिल सकती है।



You may also like

Leave a Comment