Friday, July 3, 2026 |
Home Business Remediesभारत का सर्विसेज पीएमआई फरवरी में 58.1 पर रहा

भारत का सर्विसेज पीएमआई फरवरी में 58.1 पर रहा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली (आईएएनएस)। भारत के सेवा क्षेत्र में फरवरी महीने के दौरान मजबूती बनी रही और सर्विसेज परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) 58.1 पर दर्ज किया गया। यह जानकारी एचएसबीसी इंडिया सर्विसेज पीएमआई बिजनेस एक्टिविटी इंडेक्स की रिपोर्ट में सामने आई है। आम तौर पर पीएमआई का 50 से ऊपर रहना संबंधित सेक्टर की गतिविधियों में विस्तार को दर्शाता है।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत के सेवा क्षेत्र का ग्रोथ आउटलुक स्थिर बना हुआ है। हालांकि नए ऑर्डर की वृद्धि दर 13 महीनों के निचले स्तर पर पहुंच गई, फिर भी समग्र मांग सकारात्मक बनी हुई है। कुछ कंपनियों ने बताया कि ग्राहकों की बढ़ती पूछताछ और मजबूत मार्केटिंग प्रयासों के कारण बिक्री में बढ़ोतरी हुई है, जबकि अन्य कंपनियों का कहना है कि बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने तेज विस्तार की गति को कुछ हद तक सीमित कर दिया।

एचएसबीसी की भारत में मुख्य अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी के मुताबिक, फरवरी की पीएमआई रीडिंग सेवा क्षेत्र में लगातार एक और महीने की मजबूत वृद्धि का संकेत देती है। उन्होंने कहा कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते नए ऑर्डर की रफ्तार भले ही कुछ धीमी हुई हो, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बिक्री में मजबूत सुधार देखने को मिला है।

परिचालन जरूरतों को पूरा करने के लिए कई सेवा प्रदाताओं ने फरवरी के दौरान नई भर्तियां भी बढ़ाईं। भंडारी ने कहा कि जनवरी में 58.5 के मुकाबले फरवरी में सेवा पीएमआई 58.1 पर लगभग स्थिर रहा, जो इस क्षेत्र में मजबूत विस्तार को दर्शाता है।

इस दौरान देश की समग्र निजी क्षेत्र की गतिविधियों में भी मजबूती देखी गई। कंपोजिट पीएमआई, जो विनिर्माण और सेवा दोनों क्षेत्रों के आंकड़ों को मिलाकर तैयार किया जाता है, फरवरी में बढ़कर 58.9 पर पहुंच गया। यह पिछले तीन महीनों में सबसे तेज वृद्धि दर को दर्शाता है, जिसे विनिर्माण क्षेत्र के मजबूत प्रदर्शन का भी समर्थन मिला।

सेवा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में वित्त और बीमा सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले सेक्टर के रूप में उभरे। इन क्षेत्रों में आउटपुट और नए ऑर्डर दोनों में सबसे तेज वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि यहां भी विस्तार की गति पिछले महीनों की तुलना में कुछ धीमी रही। वहीं रियल एस्टेट और व्यावसायिक सेवाओं के क्षेत्रों में उत्पादन और नए ऑर्डर की वृद्धि अन्य सेक्टरों की तुलना में अपेक्षाकृत कमजोर रही।



You may also like

Leave a Comment