बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। कोलकाता, पश्चिम बंगाल आधारित क्लासिक इलेक्ट्रोड्स (इंडिया) लिमिटेड इलेक्ट्रोड और एमआईजी तारों सहित वेल्डिंग में काम आने वाली सामग्रियों के निर्माण क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा संयंत्र और मशीनरी खरीदने के लिए कंपनी के पूंजीगत व्यय के वित्तपोषण, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया उधारों के एक हिस्से का पुनर्भुगतान, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं का वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 26 अगस्त को बंद होगा।
कारोबारी गतिविधियां: 1997 में निगमित और कोलकाता, पश्चिम बंगाल में मुख्यालय वाली क्लासिक इलेक्ट्रोड्स (इंडिया) लिमिटेड एक प्रमुख भारतीय निर्माता है जो इलेक्ट्रोड और एमआईजी तारों सहित वेल्डिंग में काम आने वाली सामग्रियों में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी वेल्डिंग इलेक्ट्रोड बनाती है और घरेलू व अंतर्राष्ट्रीय ग्राहकों को इंजीनियरिंग समाधान प्रदान करती है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 134.37 करोड़ रुपए का राजस्व और 1.49 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 151.13 करोड़ रुपए का राजस्व और 2.08 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 194.41 करोड़ रुपए का राजस्व और 12.30 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में 28 फरवरी 2025 तक कंपनी ने 187.90 करोड़ रुपए का राजस्व और 9.57 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि साल दर साल कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन अच्छा हो रहा है। वित्त वर्ष 2025 में 28 फरवरी 2025 तक कंपनी ने 5.10 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में 28 फरवरी 2025 तक कंपनी की असेट 116.34 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 43.60 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 30.41 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 53.50 करोड़ रुपए दर्ज किया गया। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 1.23 गुना का है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज अधिक नहीं है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘क्लासिक इलेक्ट्रोड्स (इंडिया) लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज पर आज खुलकर 26 अगस्त 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 47,71,200 शेयर 82 रुपए से 87 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 41.50 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी जीवाईआर कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

