Home Automobileएथर रिज्टा ने दो वर्षों में तीन लाख बिक्री का आंकड़ा किया पार

एथर रिज्टा ने दो वर्षों में तीन लाख बिक्री का आंकड़ा किया पार

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली | बिजनेस रेमेडीज
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बाजार में तेजी से अपनी पहचान बना रही एथर एनर्जी के फैमिली स्कूटर ‘रिज्टा’ ने लॉन्च के दो वर्षों के भीतर तीन लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। यह कंपनी का पहला फैमिली स्कूटर है और कंपनी की कुल बिक्री में इसकी बड़ी हिस्सेदारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले वर्ष दिसंबर में रिज्टा ने दो लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार किया था। इसके बाद मई 2026 तक इस स्कूटर की अतिरिक्त एक लाख यूनिट्स की बिक्री हुई। इससे बाजार में रिज्टा की बढ़ती लोकप्रियता का पता चलता है। महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे राज्यों में कंपनी की पहुंच बढ़ाने में भी रिज्टा की अहम भूमिका रही है। पिछले वित्त वर्ष के अंत तक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बाजार में एथर एनर्जी की हिस्सेदारी बढक़र करीब 17.3 प्रतिशत हो गई थी। कंपनी का कहना है कि दक्षिण भारत में मजबूत स्थिति बनाने में रिज्टा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में भी कंपनी की बाजार हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी है। एथर एनर्जी के तमिलनाडु के होसुर में दो विनिर्माण संयंत्र हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित बिडकिन में अपना तीसरा संयंत्र स्थापित कर रही है। कंपनी के पोर्टफोलियो में रिज्टा के अलावा 450एस, 450एक्स और 450 एपेक्स जैसे इलेक्ट्रिक स्कूटर भी शामिल हैं। रिज्टा में बड़ी सीट के साथ 56 लीटर का स्टोरेज स्पेस मिलता है। इसमें स्किड कंट्रोल, चोरी अलर्ट और टो अलर्ट जैसे सुरक्षा और कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं। इस स्कूटर को आरामदायक और व्यावहारिक उपयोग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। देश में पिछले वित्त वर्ष के दौरान इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बाजार में टीवीएस मोटर पहले स्थान पर रही। कंपनी ने लगभग 3,41,512 यूनिट्स की बिक्री की। इसके बाद बजाज ऑटो ने चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर की 2,89,349 यूनिट्स की बिक्री के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

 

पिछले वित्त वर्ष में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बाजार 21 प्रतिशत से अधिक बढक़र 14 लाख यूनिट्स के पार पहुंच गया। इस बाजार में एथर एनर्जी तीसरे स्थान पर रही। पिछले वर्ष कंपनी ने पांच लाख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के निर्माण का आंकड़ा भी पार कर लिया था।



You may also like

Leave a Comment