वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में भू-राजनीतिक तनाव और अनिश्चितताओं के इस दौर में भारत का सेमीकंडक्टर उद्योग मजबूत और भरोसेमंद विकल्प के रूप में उभरा है। सेमीकॉन 1.0 की सफलता के बाद अब देश सेमीकॉन 2.0 और महत्वाकांक्षी इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत फाइलों और घोषणाओं से आगे बढक़र धरातल पर कमर्शियल प्रोडक्शन के चरण में प्रवेश कर चुका है। सेमीकंडक्टर अब केवल तकनीकी उत्पाद ही नहीं, बल्कि आर्थिक सुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और औद्योगिक प्रतिस्पर्धा की बुनियाद बन चुका है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती मांग के बीच भारत के लिए चिप उद्योग में अपनी जगह मजबूत करने का अवसर पहले से बढ़ा है। हालांकि भारत अभी दुनिया के अग्रणी चिप विनिर्माण देशों की कतार में शीर्ष पर नहीं है, लेकिन डिजाइन, प्रतिभा, पैकेजिंग और अब विनिर्माण क्षमता के निर्माण में उसने आधार तैयार कर लिया है। सेमीकंडक्टर उद्योग से प्रत्यक्ष निवेश, उच्च-कौशल रोजगार, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, दूरसंचार, रक्षा, एआई और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों को गति मिलेगी। वहीं निर्यात की तस्वीर अभी शुरुआती दौर में है। फिलहाल भारत की ताकत बड़े पैमाने के चिप निर्यात से अधिक डिजाइन और इलेक्ट्रॉनिक्स पारिस्थितिकी तंत्र में है। आगे लक्ष्य इस स्थिति को बदलना है। अब चुनौती घोषणा से क्रियान्वयन की है। सरकार को अत्याधुनिक फैब, सेमीकंडक्टर उपकरण और सामग्री, उन्नत पैकेजिंग, अनुसंधान एवं विकास तथा कुशल तकनीकी मानव संसाधन पर लगातार निवेश करना होगा। साथ ही परियोजनाओं की समयबद्ध मंजूरी, विश्वसनीय बिजली-पानी, लॉजिस्टिक्स और स्थिर नीतिगत वातावरण सुनिश्चित करना जरूरी है। भारत की असली सफलता तब मानी जाएगी जब वह केवल चिपों का बाजार नहीं, बल्कि डिजाइन से लेकर निर्माण और वैश्विक निर्यात तक पूरी मूल्य शृंखला में एक महत्वपूर्ण केंद्र बने।

