बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित ‘श्रीजी डीएलएम लिमिटेड’ विभिन्न प्रकार के प्लास्टिक इंजेक्शन मोल्डिंग उत्पाद बनाने वाली एक प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा पूंजीगत व्यय और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर ७ मई को बंद होगा।
कारोबारी गतिविधियां: 20 दिसंबर, 2005 को निगमित श्रीजी डीएलएम लिमिटेड ने कंज्यूमर ड्युरेबल्स वस्तुओं के लिए प्लास्टिक मोल्डिंग के साथ २०१२ में उत्पादन की शुरुआत की। 2013 तक, श्रीजी डीएलएम लिमिटेड ने घरेलू उपकरण मोल्डिंग में विविधता ला दी और उन्नत इंजेक्शन मोल्डिंग मशीनों को जोडक़र अपनी क्षमता को बढ़ाया। श्रीजी डीएलएम लिमिटेड डिजाइन-आधारित विनिर्माण और असेंबली सेवाओं में लगी हुई है। कंपनी प्लास्टिक इंजेक्शन मोल्डिंग, टूल रूम और डाई विनिर्माण, मोबाइल फोन सब-असेंबली और पॉलिमर कंपाउंडिंग और ट्रेडिंग में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी अग्रणी ओईएम को उच्च-गुणवत्ता, लागत-कुशल और विश्वसनीय विनिर्माण समाधान प्रदान करके कंज्यूमर ड्युरेबल्स वस्तुओं, घरेलू उपकरणों, ऑटोमोटिव कॉम्पोनेंट्स और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे उद्योगों को सेवा प्रदान करती है।
कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष २०२२ में कंपनी ने 33.04 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 1.13 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष २०२३ में कंपनी ने 47.25 करोड़ रुपए का राजस्व और 2.81 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष २०२४ में कंपनी ने 54.65 करोड़ रुपए का राजस्व और 2.97 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष २०२४ में कंपनी ने 5.46 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 0.16 फीसदी दर्ज किया गया है। इस आधार पर कहा जा सकता है कि कंपनी पर कर्ज भार ना के बराबर है।
आईपीओ की जानकारी: ‘श्रीजी डीएलएम लिमिटेड’ का आईपीओ आज खुलकर 7 मई 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 17,14,800 शेयर 94 से 99 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 16.98 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी जीवाईआर केपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

