बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। श्री वर्द्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संस्था किरण पथ मानसरोवर में पर रत्नसंघीय आचार्य 1008 श्री हीरा चंद जी महाराज की आज्ञानुवर्ती व्याख्यात्री महासती श्री दर्शन लता जी महाराज साहब की नेश्राय में प्रवचन और नवकार मंत्र का सामूहिक जाप हुआ। सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में नव विस्तारित अतिथिगृह का लोकार्पण और भामाशाह सम्मान समारोह सम्पन्न हुआ।
लोकार्पण और सम्मान
नव विस्तारित अतिथिगृह का लोकार्पण प्रमोद जी महनोत, अध्यक्ष, सम्यकज्ञान प्रचारक मंडल और विनोद जी लोढ़ा, ट्रस्टी गजेंद्र निधि के द्वारा संयुक्तरूप से किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति जसराज जी चोपड़ा थे।
श्रीसंघाध्यक्ष का उद्बोधन
श्रीसंघाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार जैन राजा ने बताया कि उक्त निर्माण कार्य में करीब एक करोड़ दस लाख रुपए की लागत आई है तथा लघु भामाशाहों को भी हीरक स्तंभ, स्वर्ण स्तंभ और रजत स्तंभ में वर्गीकृत कर सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम की सफलता
मंच का शानदार संचालन श्रीसंघ के मंत्री श्री प्रकाश जी लोढ़ा और सुश्राविका श्रीमती सुमन जी जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम के पश्चात स्वरुचीभोज का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा प्रकोष्ठ और महिला मंडल का विशेष योगदान रहा।

