नई दिल्ली,
देश की प्रमुख इस्पात उत्पादक सार्वजनिक उपक्रम कंपनी भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष 2025–26 के अप्रैल से जनवरी अवधि में अब तक की सर्वाधिक संचयी बिक्री दर्ज करने की घोषणा की है। कंपनी ने इस अवधि में कुल 16.6 मिलियन टन इस्पात की बिक्री की, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 14.3 मिलियन टन के मुकाबले 16 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह उपलब्धि इन महीनों में अब तक का सर्वोत्तम प्रदर्शन है। जनवरी माह में भी कंपनी ने अपने इतिहास की सबसे अधिक मासिक बिक्री दर्ज की। जनवरी 2026 में कंपनी ने 1.84 मिलियन टन इस्पात की बिक्री की, जो पिछले वित्त वर्ष के जनवरी माह में बेचे गए 1.68 मिलियन टन से 10 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने बताया कि संयंत्रों से रिकॉर्ड स्तर पर प्रेषण किया गया, ग्राहकों तक सीधे आपूर्ति की मात्रा बढ़ाई गई तथा गोदाम आधारित बिक्री में भी विस्तार किया गया। इससे न केवल बाजार में कंपनी की पकड़ मजबूत हुई, बल्कि लॉजिस्टिक्स व्यवस्था और ग्राहक सेवा में भी सुधार देखने को मिला।
मजबूत बिक्री प्रदर्शन के चलते कंपनी अपने भंडार में लगभग 0.25 मिलियन टन की कमी करने में सफल रही। इसके साथ ही उधारी में भी उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे कंपनी की वित्तीय स्थिति और सुदृढ़ हुई है। कंपनी के अनुसार, बिक्री, प्रेषण, नकद संग्रहण और ग्राहकों तक आपूर्ति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में यह रिकॉर्ड उपलब्धि दर्ज की गई है। विपणन टीम ने बाजार में पहुंच बढ़ाने और व्यावसायिक लक्ष्यों को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार वृद्धि और सशक्त परिचालन प्रदर्शन के बल पर भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड देश के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को और मजबूत कर रहा है।

