Wednesday, October 7, 2026 |
Home Automobileवाहनों की खुदरा बिक्री में आई रिकॉर्ड तेजी

वाहनों की खुदरा बिक्री में आई रिकॉर्ड तेजी

सितम्बर में देश की घरेलू वाहन खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 31.8 प्रतिशत

by Business Remedies
0 comments

बढक़र रिकॉर्ड 25,36,920 इकाई पर पहुंच गई
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
सितम्बर में देश की घरेलू वाहन खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 31.8 प्रतिशत बढक़र रिकॉर्ड 25,36,920 इकाई पर पहुंच गई। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सितम्बर वाहन उद्योग के लिए अब तक का सबसे बेहतर महीना रहा। अगस्त की तुलना में भी सितम्बर में खुदरा बिक्री 4.69 प्रतिशत बढ़ी। हालांकि, संगठन ने कहा कि तेज वृद्धि को कम आधार के संदर्भ में देखा जाना चाहिए, क्योंकि सितम्बर 2025 में वस्तु एवं सेवा कर के दूसरे चरण के लागू होने से पहले ग्राहकों ने खरीदारी टाल दी थी।
पहली छमाही में रिकॉर्ड बिक्री
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में वाहनों की खुदरा बिक्री 20.77 प्रतिशत बढक़र रिकॉर्ड 1,55,12,319 इकाई रही। सितम्बर में छह में से पांच वाहन श्रेणियों ने अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन दर्ज किया। फेडरेशन के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि सितम्बर 2026 भारतीय वाहन खुदरा बाजार के इतिहास का सबसे अच्छा सितम्बर रहा। वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में सितम्बर की असामान्य तुलना को हटाने पर भी बिक्री में करीब 17 प्रतिशत की वृद्धि रही।
दोपहिया और यात्री वाहनों की बिक्री में जोरदार बढ़ोतरी
सितम्बर में दोपहिया वाहनों की बिक्री 33.08 प्रतिशत बढक़र 17,90,188 इकाई हो गई। यात्री वाहनों की बिक्री 32.10 प्रतिशत बढक़र 4,27,213 इकाई रही। वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 37.62 प्रतिशत बढक़र 1,03,557 इकाई पर पहुंच गई और पहली बार इस श्रेणी की बिक्री एक लाख इकाई के पार गई। तिपहिया वाहनों की बिक्री 22.25 प्रतिशत बढक़र 1,32,570 इकाई और ट्रैक्टरों की बिक्री 13.75 प्रतिशत बढक़र 76,906 इकाई रही। निर्माण उपकरणों की बिक्री 38 प्रतिशत बढक़र 6,486 इकाई हो गई।
बिजली से चलने वाले वाहनों की बिक्री रिकॉर्ड
सितम्बर में यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री में वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों की हिस्सेदारी 41 प्रतिशत रही, जो पेट्रोल वाहनों की 41.27 प्रतिशत हिस्सेदारी के लगभग बराबर है। यात्री वाहनों में बिजली से चलने वाले वाहनों की पहुंच बढक़र 8.45 प्रतिशत हो गई। सभी वाहन श्रेणियों को मिलाकर इनकी खुदरा बिक्री करीब 3.34 लाख इकाई के सर्वकालिक मासिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। इससे कुल वाहन बिक्री में इनकी हिस्सेदारी लगभग 13 प्रतिशत हो गई।
अक्टूबर में मांग बढऩे की उम्मीद
फेडरेशन के सर्वेक्षण के अनुसार, 75.57 प्रतिशत डीलरों को अक्टूबर में बिक्री बढऩे की उम्मीद है। 19.46 प्रतिशत डीलरों को बाजार स्थिर रहने की संभावना है, जबकि 4.98 प्रतिशत को बिक्री में गिरावट की आशंका है। उद्योग को उम्मीद है कि पितृ पक्ष के दौरान टली मांग नवरात्रि और दशहरा के दौरान वाहनों की डिलीवरी में बदलेगी। 63 प्रतिशत डीलरों ने बुकिंग में बढ़ोतरी की जानकारी दी है।
अक्टूबर-दिसम्बर में भी सकारात्मक माहौल
अक्टूबर से दिसम्बर की अवधि के लिए 78.28 प्रतिशत डीलरों को बिक्री बढऩे की उम्मीद है। 17.65 प्रतिशत डीलरों को बाजार स्थिर रहने का अनुमान है, जबकि करीब 4 प्रतिशत को बिक्री में गिरावट की आशंका है। फेडरेशन के अनुसार, त्योहारी मांग और मजबूत बुकिंग के चलते वाहन खुदरा बाजार में आने वाले महीनों में भी तेजी बनी रहने की उम्मीद है।



You may also like

Leave a Comment