बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। निवेश जागरूकता सप्ताह के अवसर पर राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के मोहन लाल सुखाडिया स्मृति सभागार में आज ‘निवेश जागरूकता संगोष्ठी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चैंबर के सदस्य, उद्यमी, व्यापारी वर्ग तथा वित्तीय संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आरम्भ में राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के कार्यकारी निदेशक श्री योगेश नारायण माथुर ने कहा कि आज के बदलते आर्थिक परिवेश में निवेश के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि निवेश केवल पूंजी बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति और संस्थाओं दोनों के लिए आर्थिक स्थिरता, भविष्य की सुरक्षा और विकास का आधार भी है।
सेबी की मेनेजर हिमानी मित्तल ने उपस्थित सदस्यों को जानकारी देते हुए कहा की सही निवेश निर्णय लेने के लिए निवेशकों को विभिन्न निवेश साधनों- जैसे कि म्यूचुअल फंड्स, इक्विटी, बॉण्ड्स, बीमा योजनाएं, और पेंशन योजनाओं की गहन जानकारी रखना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी निवेश से पहले निवेशक को जोखिम, रिटर्न और सुरक्षा के पहलुओं पर विचार करना चाहिए तथा प्रमाणित सलाहकारों से परामर्श लेना चाहिए। उन्होने जोर देकर कहा कि ‘निवेश में जागरूकता ही सुरक्षा है,’ और निवेशक यदि सूझ-बूझ के साथ निर्णय लें तो यह उनके जीवन और व्यवसाय दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होता है।
उन्होंने पूंजी बाजार, बीमा, बैंकिंग, पेंशन तथा डिजिटल निवेश साधनों के बारे में जानकारी दी और निवेशकों को यह बताया कि कैसे वे अपने वित्तीय लक्ष्यों के अनुरूप सही निवेश योजना बना सकते हैं एवं सेबी द्वारा निवेशको के हितो के लिये दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
चैम्बर के सचिव दिनेश कुमार कानूनगो ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से प्रगति कर रही है और सरकार द्वारा निवेश को प्रोत्साहन देने हेतु अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए निवेशकों को समय पर जानकारी प्राप्त कर उचित निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि निवेश के साथ-साथ वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता अपनाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि दीर्घकालिक आर्थिक सफलता प्राप्त की जा सके।
इस अवसर पर निवेश क्षेत्र से जुडे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के श्री पंकज तंवर ने निवेश के क्षेत्र में होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपायों पर भी चर्चा की। इसी के साथ उन्होंने निवेश संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी उपस्थित सदस्यों के साथ साझा की।
कार्यक्रम में राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अनेक सदस्य, उद्यमी, व्यापारी वर्ग, युवा निवेशक तथा महिला उद्यमी उपस्थित रहे। सभी ने इस संगोष्ठी से उपयोगी जानकारी प्राप्त की और इसे अत्यंत लाभकारी बताया।
कार्यक्रम का संचालन नॉलेज ग्रोथ फाउंडेशन के विजय चौधरी द्वारा किया गया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन चैम्बर के मानद अतिरिक्त सचिव बसंत जैन बैराठी द्वारा दिया गया।

