Saturday, July 11, 2026 |
Home Editorialपेरिस ओलिम्पिक्स में सुविधाओं के अभाव में खिलाडिय़ों में असंतोष

पेरिस ओलिम्पिक्स में सुविधाओं के अभाव में खिलाडिय़ों में असंतोष

by Business Remedies
0 comments
punit jain

पिछले महीने से शुरू हुए पेरिस ओलिम्पिक्स खेल जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे हैं, इनमें भाग लेने आए 208 देशों के दस हजार से अधिक एथलीटों और उनके साथ आए स्टाफ के लिए सुविधाओं की कमी को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। भोजन की कमी का कुछ देशों के एथलीटों ने इतना बताया कि वे खेल गांव में पकाए जाने वाले भोजन का बहिष्कार तक करने की सोच रहे हैं। टीम ग्रेट ब्रिटेन के खिलाडिय़ों ने खेल गांव में भोजन की अपर्याप्त सप्लाई के कारण वहां खाना खाने की बजाय बाहर से अपने खर्च पर खाना मंगवाने के अलावा इंगलैंड से अपना रसोइया बुला लिया है। प्रतियोगियों के लिए खेल गांव के सबसे बड़े रेस्तरां में सिर्फ 3500 सीटें होने के कारण भोजन परोसने में बाधा आ रही है। या तो भोजन उपलब्ध नहीं है और यदि उपलब्ध है तो उसे लेने वालों की कतारें बहुत लम्बी हैं। शाकाहारियों को ही नहीं बल्कि मांसाहारियों को भी भोजन की समस्या है और अंडों एवं ग्रिल्ड मीट की सप्लाई मांग के अनुसार न होने के कारण इनकी राशनिंग की जा रही है। जहां तक इन खेलों में शामिल 117 सदस्यीय भारतीय दल का संबंध है, महिला डबल्स बैडमिंटन खिलाड़ी के अनुसार एक दिन खिलाडिय़ों को परोसे जाने वाले मैन्यू में राजमां शामिल थे लेकिन हमारे पहुंचने से पहले ही वे समाप्त हो गए तथा उसके बाद दोबारा नहीं लाए गए। वहीं मनपसंद भोजन के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारत के एकल टेनिस खिलाड़ी का कहना था कि खेल गांव में रहने, भोजन और आयोजन स्थल तक पहुंचने तक के मामले में हम संतुष्टï नहीं है। वहीं बैड्स इतने खराब हैं कि उन पर शुरू में कई रातें तो सो ही नहीं पाते। खेल गांव से स्टेडियम तक जाने के लिए भी खिलाडिय़ों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गाडिय़ां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं चलने के कारण भारतीय अधिकारियों ने अपने प्रतियोगियों को समूचे पेरिस में फैले हुए प्रतियोगिता स्थलों तक पहुंचाने के लिए अपने वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की है। इस खेल समारोह में भाग लेने वाले अनेक प्रतियोगियों को रहने के लिए दिए गए कमरों में दरारें पड़ी हुई हैं। विश्व की फैशन राजधानी होने के नाते इन खेलों को देखने के लिए विश्व भर से रिकार्ड संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद की जा रही थी, परंतु होटलों द्वारा की गई तैयारी भी धरी-धराई रह गई और पर्यटकों के अपेक्षित संख्या में न आने के कारण उनके कमरे खाली पड़े हैं। ऐसा लगता है कि पेरिस ओलिम्पिक्स उस प्रकार खेल प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र नहीं बन पा रहा है।



You may also like

Leave a Comment