बिजऩेस रेमेडीज/लक्ष्मणगढ़
Mody विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, लक्ष्मणगढ़ में विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस उत्सव की बड़ ही हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से शुरुआत हुई। दिनभर चले इस भव्य आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे आग्नी स्थापना और राम यज्ञ से हुआ। इस पवित्र अनुष्ठान ने न केवल आयोजन को आध्यात्मिकता से जोड़ा, बल्कि सभी उपस्थित लोगों को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। सुबह 9.30 बजे से 10 बजे तक संस्थापक आर.पी. मोदी के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री युग से युगांतर का प्रदर्शन किया गया। इस डॉक्यूमेंट्री ने संस्थापक के महान विचारों, उनकी दूरदर्शिता और महिला शिक्षा के प्रति उनके योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
जय किशोरी के प्रेरक शब्दों ने किया प्रेरित: सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता जय किशोरी ने सकारात्मक दृष्टिकोण और खुशी का रहस्य विषय पर प्रेरक व्याख्यान दिया। उनके विचारों ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को जीवन में सकारात्मकता और संतोष का महत्व समझाया। श्रोताओं ने इस सत्र को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
मोदी स्कूल प्रदर्शनी का उद्घाटन : दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक मोदी स्कूल प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ। प्रदर्शनी में छात्रों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान, कला, और शिल्प के मॉडल प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी ने दर्शकों को छात्रों की रचनात्मकता और नवाचार की झलक दी।
भारत महोत्सव में दिखी भारतीय संस्कृति की छटा : शाम 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम भारत महोत्सव में विश्वविद्यालय की छात्राओं ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नृत्य, संगीत और नाटकों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में राजस्थान, पंजाब, बंगाल, दक्षिण भारत और उत्तर-पूर्वी राज्यों की विविध सांस्कृतिक परंपराओं की अद्भुत झलक देखने को मिली। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय के प्रेजिडेंट डॉ. अशुतोष भारद्वाज और चेयरमैन राघवेंद्र मोदी ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, छात्राओं का यह जोश और उनकी मेहनत विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रमाण है।
इस मौके पर विश्वविद्यालय के चेयरमैन राघवेंद्र मोदी जी एवं उनका परिवार, बोर्ड आफ मैनेजमेंट के सदस्य, प्रेजिडेंट डॉ. अशुतोष भारद्वाज, विभिन्न स्कूलों के डीन, पीआरओ राजीव सिंह, अध्यापकगण और विद्यार्थी, परिजन एव गणमान्य मौजूद रहे।
