Monday, June 29, 2026 |
Home Automobileमारुति सुजुकी ने अप्रैल में दर्ज की रिकॉर्ड बिक्री

मारुति सुजुकी ने अप्रैल में दर्ज की रिकॉर्ड बिक्री

कंपनी ने अपै्रल में 33 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2.39 लाख वाहनों की बिक्री की

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली 7 बीआर न्यूज नेटवर्क
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने अप्रैल महीने में अपनी अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की है। यह नए वित्त वर्ष की मजबूत शुरुआत का संकेत है और सभी सेगमेंट, खासकर छोटी कारों और एसयूवी की अच्छी मांग से प्रेरित है। कंपनी के प्रदर्शन से यह भी स्पष्ट होता है कि भारतीय ऑटो बाजार में उपभोक्ताओं का भरोसा लगातार मजबूत बना हुआ है और मांग में स्थिरता के साथ-साथ तेजी भी देखने को मिल रही है।
कुल बिक्री में जोरदार बढ़ोतरी
कंपनी ने अप्रैल में कुल 2,39,646 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल इसी महीने की 1,79,791 यूनिट्स के मुकाबले 33.29 प्रतिशत ज्यादा है। यह वृद्धि कंपनी की मजबूत रणनीति और बेहतर प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को दर्शाती है।
घरेलू बाजार में मजबूत पकड़
घरेलू बिक्री 1,91,122 यूनिट्स रही, जो एक साल पहले 1,42,053 यूनिट्स थी। इससे पहले दिसंबर 2025 में 1,82,165 यूनिट्स का रिकॉर्ड बना था, जिसे अब पार कर लिया गया है।
एंट्री-लेवल कारों की जबरदस्त मांग
मिनी कार कैटेगरी, जिसमें ऑल्टो और एस-प्रेसो जैसे मॉडल आते हैं, की बिक्री बढक़र 16,066 यूनिट्स हो गई, जो पिछले साल अप्रैल में 6,332 यूनिट्स थी। यह सेगमेंट ग्रामीण और छोटे शहरों में बढ़ती मांग को दर्शाता है।
कॉम्पैक्ट और एसयूवी सेगमेंट
का दमदार प्रदर्शन
कॉम्पैक्ट सेगमेंट की बिक्री बढक़र 80,659 यूनिट्स हो गई, जबकि पिछले साल यह 61,912 यूनिट्स थी। वहीं एसयूवी सेगमेंट में ब्रेजा, अर्टिगा, फ्रॉन्क्स और ग्रैंड विटारा जैसे मॉडल्स की बिक्री 77,892 यूनिट्स रही, जो पिछले साल 59,022 यूनिट्स थी।
निर्यात में भी शानदार उछाल
अप्रैल में निर्यात बढक़र 40,054 यूनिट्स हो गया, जो एक साल पहले 27,911 यूनिट्स था। लाइट कमर्शियल व्हीकल ‘सुपर कैरी’ की बिक्री लगभग स्थिर रही और 3,418 यूनिट्स रही।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 23.4 लाख यूनिट्स का अब तक का सबसे ज्यादा वार्षिक उत्पादन दर्ज किया है। इसके साथ ही मारुति सुजुकी इंडिया पैसेंजर व्हीकल्स में इतना बड़ा उत्पादन रिकॉर्ड बनाने वाली देश की पहली ऑटो कंपनी बन गई है। कंपनी ने उत्पादन को बढ़ाकर करीब 40 लाख यूनिट्स प्रति वर्ष तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। साथ ही, आने वाले समय में नई तकनीकों, इलेक्ट्रिक वाहनों और बेहतर ग्राहक अनुभव पर फोकस बढ़ाने की भी योजना बनाई जा रही है, जिससे बाजार में इसकी पकड़ और मजबूत हो सके।



You may also like

Leave a Comment