Friday, July 10, 2026 |
Home Automobileमारुति सुजुकी ने 2025 में रेलवे के जरिये रिकॉर्ड 5.85 लाख वाहन भेजे, हरित लॉजिस्टिक्स को मिला बढ़ावा

मारुति सुजुकी ने 2025 में रेलवे के जरिये रिकॉर्ड 5.85 लाख वाहन भेजे, हरित लॉजिस्टिक्स को मिला बढ़ावा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने कैलेंडर वर्ष 2025 में रेलवे के माध्यम से 5.85 लाख से अधिक वाहनों की आपूर्ति कर नया रिकॉर्ड बनाया है। यह आंकड़ा 2024 के मुकाबले करीब 18 प्रतिशत अधिक है और कंपनी की हरित लॉजिस्टिक्स रणनीति को मजबूती देता है।

कंपनी के अनुसार, कुल आपूर्ति में रेल परिवहन की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है, जो वर्ष 2016 में 5.1 प्रतिशत से बढक़र 2025 में 26 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आई है, तेल आयात पर निर्भरता घटी है और सडक़ों पर यातायात दबाव भी कम हुआ है। मारुति सुजुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हिसाशी ताकेउची ने कहा कि वर्ष के दौरान कंपनी ने हरित लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। इनमें मानेसर संयंत्र में भारत की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल ‘इन-प्लांट रेलवे साइडिंग’ का उद्घाटन और चेनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज के माध्यम से पहली बार कश्मीर घाटी तक रेल से वाहनों की आपूर्ति शामिल है।

उन्होंने बताया कि कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2030-31 तक रेल के माध्यम से वाहन आपूर्ति की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत तक बढ़ाना है, जिससे भारत के 2070 के शुद्ध-शून्य उत्सर्जन लक्ष्य में योगदान मिल सके। वित्त वर्ष 2014-15 से अब तक मारुति सुजुकी ने ‘हब एंड स्पोक मॉडल’ के तहत देशभर के 600 से अधिक शहरों को सेवा देते हुए 22 गंतव्यों से 28 लाख से ज्यादा वाहनों की आपूर्ति की है। वर्तमान में कंपनी 45 से अधिक ‘फ्लेक्सी डेक रेक’ का उपयोग कर रही है, जिनमें प्रत्येक यात्रा में करीब 260 वाहनों को ढोने की क्षमता है। वर्ष 2025 में रेल के माध्यम से हुई कुल आपूर्ति में गुजरात और मानेसर संयंत्रों की ‘इन-प्लांट रेलवे साइडिंग’ से की गई आपूर्ति की हिस्सेदारी 53 प्रतिशत रही।



You may also like

Leave a Comment