Monday, August 3, 2026 |
Home AutomobileMaruti ने July में Record वाहन उत्पादन दर्ज किया

Maruti ने July में Record वाहन उत्पादन दर्ज किया

by Business Remedies
0 comments

कंपनी ने जुलाई में 2,48,845 वाहनों का उत्पादन दर्ज किया, जो पिछले वर्ष
जुलाई के 1,87,073 वाहनों की तुलना में 33 प्रतिशत अधिक है
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने जुलाई 2026 में उत्पादन और बिक्री दोनों मोर्चों पर नया इतिहास रच दिया। कंपनी ने एक महीने में अब तक का सबसे अधिक 2,48,845 वाहनों का उत्पादन दर्ज किया, जो पिछले वर्ष जुलाई के 1,87,073 वाहनों की तुलना में 33 प्रतिशत अधिक है। इससे पहले कंपनी का सर्वोच्च मासिक उत्पादन रिकॉर्ड मार्च 2026 में 2,31,933 इकाइयों का था।
रिकॉर्ड उत्पादन के साथ नया कीर्तिमान
मारुति सुजुकी ने जुलाई 2026 में 2,48,845 वाहनों का उत्पादन कर कंपनी के इतिहास का सबसे बड़ा मासिक उत्पादन दर्ज किया। कंपनी की उत्पादन क्षमता में लगातार हो रहे विस्तार, मांग में मजबूती और विनिर्माण प्रक्रिया में सुधार का सीधा असर इस रिकॉर्ड उत्पादन के रूप में देखने को मिला। जुलाई का प्रदर्शन यह संकेत देता है कि भारतीय यात्री वाहन बाजार में मांग लगातार मजबूत बनी हुई है और मारुति सुजुकी उस मांग को पूरा करने के लिए उत्पादन बढ़ाने में सफल रही है।
बिक्री में भी बना नया इतिहास, लेकिन स्टॉक अब भी कम
कंपनी ने जुलाई में घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की अब तक की सबसे अधिक थोक बिक्री दर्ज की। इस दौरान 1,96,203 यात्री वाहनों की बिक्री हुई, जबकि जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 1,37,776 वाहन था। यानी कंपनी ने सालाना आधार पर 43 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। हल्के वाणिज्यिक वाहनों को शामिल करने पर कुल घरेलू बिक्री बढक़र रिकॉर्ड 2,00,123 इकाई पर पहुंच गई। मारुति सुजुकी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने बताया कि जुलाई में कंपनी की खुदरा बिक्री 1.78 लाख इकाई रही। इसके बावजूद डीलर नेटवर्क में वाहनों का स्टॉक केवल लगभग 16 दिन का है, जबकि उद्योग में सामान्य तौर पर 30 दिन का स्टॉक माना जाता है। उन्होंने बताया कि कंपनी के पास अभी भी लगभग 1.6 लाख वाहनों की बुकिंग लंबित है, जिससे आने वाले महीनों में भी मजबूत मांग बनी रहने के संकेत मिलते हैं।
सभी प्रमुख मॉडल की मांग ने उत्पादन को दी रफ्तार
जुलाई के दौरान कंपनी के लगभग सभी प्रमुख मॉडलों का उत्पादन उल्लेखनीय रूप से बढ़ा। एंट्री लेवल श्रेणी में ऑल्टो और एस-प्रेसो की 13,964 इकाइयों का उत्पादन किया गया, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह आंकड़ा 11,484 इकाई था। वहीं बलेनो, सेलेरियो और स्विफ्ट जैसे कॉम्पैक्ट मॉडलों का उत्पादन बढक़र 1,13,067 इकाई पहुंच गया, जो पिछले वर्ष के 87,950 वाहनों की तुलना में 29 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के लोकप्रिय यूटिलिटी वाहनों ब्रेजा, अर्टिगा और फ्रॉन्क्स की मांग सबसे तेज रही। इन मॉडलों का उत्पादन बढक़र 1,02,787 इकाई हो गया, जबकि पिछले वर्ष जुलाई में यह 70,241 इकाई था। यानी इस श्रेणी में 46 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा ईको वैन का उत्पादन 14,627 इकाई रहा, जो पिछले वर्ष के 13,610 इकाई से 7 प्रतिशत अधिक है। वहीं हल्के वाणिज्यिक वाहन सुपर कैरी का उत्पादन भी बढक़र 4,400 इकाई पर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष समान अवधि में यह 3,788 इकाई था।
नए प्लांट से बढ़ी क्षमता, भविष्य की मांग पूरी करने की तैयारी
मारुति सुजुकी ने उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है। गुजरात के हंसलपुर स्थित चौथे संयंत्र (प्लांट-डी) में उत्पादन शुरू होने के बाद कंपनी की हरियाणा और गुजरात स्थित सभी विनिर्माण इकाइयों की कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता बढक़र 29 लाख वाहन हो गई है। यह विस्तार ऐसे समय में हुआ है जब कंपनी के पास बड़ी संख्या में लंबित बुकिंग है और बाजार में वाहनों की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। बढ़ी हुई उत्पादन क्षमता से कंपनी न केवल ग्राहकों की प्रतीक्षा अवधि कम करने का प्रयास करेगी, बल्कि घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात मांग को भी बेहतर तरीके से पूरा कर सकेगी। रिकॉर्ड उत्पादन, रिकॉर्ड बिक्री और विस्तारित विनिर्माण क्षमता इस बात का संकेत हैं कि मारुति सुजुकी भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी अग्रणी स्थिति को और मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।



You may also like

Leave a Comment