Friday, November 6, 2026 |
Home Main Newsधनतेरस से पहले शेयर बाजार में धनवर्षा

धनतेरस से पहले शेयर बाजार में धनवर्षा

by Business Remedies
0 comments

सेंसेक्स 2,008.61 अंक बढक़र 79,310 के स्तर पर हुआ बंद
मुंबई | बीआर न्यूज नेटवर्क
धनतेरस से एक दिन पहले भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को लगातार छठे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 2,008.61 अंक या 2.60 प्रतिशत की तेजी के साथ 79,310.01 और निफ्टी 576 अंक या 2.40 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,536.60 पर था।
बाजार में लगातार छह दिनों की तेजी के कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केटकैप करीब 28 लाख करोड़ रुपए बढक़र 501 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया है, जो कि 28 अक्टूबर को 473 लाख करोड़ रुपए था। कारोबारी सत्र में बाजार में व्यापक आधार पर तेजी देखी गई। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 106.05 अंक या 0.56 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,132.45 और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,115.40 अंक या 1.87 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60,620.90 पर था।
सूचकांकों में निफ्टी ऑटो (4.14 प्रतिशत), निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (3.99 प्रतिशत) और निफ्टी रियल्टी (3.52 प्रतिशत) टॉप गेनर्स थे। इसके अलावा, निफ्टी प्राइवेट बैंक (3.44 प्रतिशत), निफ्टी पीएसयू बैंक (3.13 प्रतिशत), निफ्टी आईटी (2.42 प्रतिशत), निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (2.32 प्रतिशत), निफ्टी सर्विसेज (2.16 प्रतिशत), निफ्टी कंज्पशन (1.94 प्रतिशत) और निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग (1.29 प्रतिशत) सबसे ज्यादा बढऩे वाले सूचकांक थे। दूसरी तरफ निफ्टी इंडिया डिफेंस (1.69 प्रतिशत), निफ्टी मीडिया (0.84 प्रतिशत), निफ्टी एनर्जी (0.52 प्रतिशत) और निफ्टी पीएसई (0.02 प्रतिशत) की गिरावट के साथ बंद हुए।
बाजार में तेजी के कारण यह रहे
अमेरिकी चुनाव में ट्रम्प की हार: मिडटर्म चुनाव में ट्रम्प की पार्टी दोनों सदनों में हार गई। इससे ईरान जंग रुकने की उम्मीद बढ़ी है। जंग थमने पर कारोबार आसान होगा। इसलिए लोग बाजार में लौटे। नतीजों के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में भी अच्छी तेजी रही।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
ईरान जंग जल्द खत्म होने की संभावना से ब्रेंट क्रूड टूटकर 94 डॉलर और अमेरिकी डब्लूटीआई क्रूड 87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। भारत अपनी जरूरत का 80 प्रतिशत से ज्यादा कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता होने पर देश का आयात बिल घट सकता है, जो इकोनॉमी को मजबूती दे सकता है।
कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजे
सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजों से सेंटिमेंट सुधरा है। रिलायंस, इंफोसिस और टीसीएस जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी आई है। सेंसेक्स के टॉप 30 में शामिल कंपनियों के शेयरों में बढ़त से ही सेंसेक्स बढ़ता है। गुरुवार को इनमें से ज्यादातर कंपनियों के शेयरों में उछाल आया है।
डॉलर में कमजोरी की उम्मीद
जब भी डॉलर सस्ता होता है, तो विदेशी निवेशक भारत जैसे उभरते बाजारों में जमकर पैसा लगाते हैं। इससे सेंसेक्स-निफ्टी तेजी से ऊपर चढ़ रहे हैं।



You may also like

Leave a Comment