बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। राजस्थान स्थित गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस 150-158 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड के साथ अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए तैयार है। यह आईपीओ आज से 31 जुलाई तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा। शेयरों का आवंटन 1 अगस्त को अंतिम रूप दिया जाएगा, और शेयरों का रिफंड और क्रेडिट 4 अगस्त को होने की उम्मीद है। कंपनी 5 अगस्त को स्टॉक एक्सचेंजों में सूचीबद्ध होने वाली है।
लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस लिमिटेड ने अपने 5 रुपये अंकित मूल्य वाले इस आईपीओ के लिए मूल्य का दायरा 150-158 रुपये प्रति शेयर तय किया है। कंपनी की योजना इसके जरिए 254 करोड़ रुपये जुटाने की है। लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस लिमिटेड के अनुसार निवेशक न्यूनतम 94 इक्विटी शेयरों और उसके बाद 94 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं।
ये आईपीओ 10,453,575 इक्विटी शेयरों तक के नए निर्गम और प्रमोटर तथा प्रमोटर समूह के विक्रय शेयरधारकों द्वारा 5,638,620 इक्विटी शेयरों तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण है। कंपनी ने बताया कि नए शेयरों की बिक्री से प्राप्त धनराशि का उपयोग पूंजी आधार को मजबूत करने के लिए किया जाएगा, ताकि ऋण और सामान्य कंपनी के कामकाज के लिए भविष्य की पूंजीगत जरूरतों को पूरा किया जा सके। उल्लेखनीय है की लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस एक गैर-जमा राशि स्वीकार करने वाली गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी है, जो भारत के ऋण बाजार में वंचित ग्राहकों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने पर केंद्रित है। ये ग्राहकों को एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्यम) ऋण, वाहन ऋण, निर्माण ऋण और अन्य ऋण समाधान सहित विविध उत्पाद पोर्टफोलियो प्रदान करती है। मार्च, 2025 तक इस कंपनी का परिचालन नेटवर्क राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के ग्रामीण, अर्ध-शहरी और शहरी क्षेत्रों में कुल 158 शाखाओं तक फैला हुआ है।
जयपुर आधारित ‘लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस लिमिटेड’ एमएसएमई, व्हीकल और कंस्ट्रक्शन लोन व अन्य लोन संबंधित कारोबारी गतिविधियों में कार्यरत प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा भविष्य में ऋण देने के लिए पूंजीगत आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु पूंजी आधार में वृद्धि हेतु बीएसई और एनएसई मैनबोर्ड पर आईपीओ लाया जा रहा है। 1996 में स्थापित, लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस लिमिटेड एक एनबीएफसी कंपनी के रूप में कार्यरत है। कंपनी एमएसएमई लोन, व्हीकल लोन, कंस्ट्रक्शन लोन और अन्य लोन उत्पाद प्रदान करती है। कंपनी अपने लोन उत्पादों से छोटे व्यवसायों और उद्यमियों को सहायता प्रदान करती है। 80 फीसदी से अधिक एमएसएमई लोन प्राथमिकता क्षेत्र ऋण के रूप में प्रदान किए जाते हैं।

