बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। ज्वैलर्स एसोसिएशन,जयपुर की ओर से 5 से 7 जुलाई तक सीतापुरा के जेईसीसी में जस- 2024 में जयपुर के जड़ाऊ गहनों और रंगीन रत्नों का भव्य संसार सजेगा। जस-2024 देश के सबसे बड़े बीटूबी शो में से एक है।
जस-2024 के संयोजक अशोक बागला (माहेश्वरी) ने पत्रकारों को बताया कि यह ग्लोबल ज्वैलरी ट्रेड में जस-2024 अंतरराष्ट्रीय स्तर का शीर्ष प्लेटफॉर्म है, जहां जयपुर के ज्वैलर्स और रत्न व्यवसायी अपनी ज्वैलरी के साथ प्रेसियस और सेमी प्रेसियस कलर स्टोन का प्रदर्शन करेंगे। वर्ष, 2007 में ज्वैलरी शो-जस का सफर अनवरत रूप से आगे बढ़ रहा है। एग्जीबिटर्स और दुनियाभर से आने वाले ट्रेड बायर्स की डिमांड पर इसे वर्ष, 2021 से बीटूबी का स्वरूप दिया गया है। इसके बाद लगातार बीटूबी फॉर्मेट पर यह पांचवां शो है।
को सह संयोजक राजू मंगोड़ीवाला ने जानकारी दी कि जस-२०२४ का उद्घाटन 5 जुलाई को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इसमें उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सहकारिता मंत्री गौतम दक, पीएचईडी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, सांसद मंजू शर्मा, सांसद दामोदर दास अग्रवाल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव सुधांश पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त अखिल अरोड़ा , अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता, मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता, आयकर आयुक्त रोली अग्रवाल और कश्मीका भी शो की शोभा बढ़ाएंगे।
जस-२०२४ में २७५ बूथ होंगे
संयोजक अशोक बागला ने बताया कि यह शो अपनी भव्यता का नया कीर्तिमान रचने वाला है। इस बार यह शो 40 प्रतिशत ज्यादा विशाल होगा। इसमें इस बार 275 बूथ पर रंगीन रत्न और खूबसूरत रत्न आभूषणों का नायाब नजारा होगा। इसमें 161 बूथ जेमस्टोन और 114 बूथ ज्वेलरी के होंगे। जस-2024 में जयपुर के सभी प्रतिष्ठित ज्वैलर और रत्न व्यवसायी अपने बूथ लगा रहे हैं। साथ ही दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, मेरठ जैसे शहरों से भी 14 से ज्यादा एग्जीबिटर्स भी इसमें भाग ले रहे हैं। शो में भाग लेने के लिए दुनियाभर के 15 सौ से ज्यादा ट्रेड बायर्स ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके अलावा 5 सौ से ज्यादा होस्टेड बायर भी हैं। इनके शो विजिट के दौरान होटल में ठहरने के साथ अन्य सुविधाएं एसोसिएशन की ओर से की जाएगी।
सौ से अधिक बेशकीमती
रत्नों का होगा प्रदर्शन
शो जयपुर की ज्वैलरी और रत्न उद्योग के लिए खास रहने वाला है। पूरी दुनिया में जयपुर जिन पॉलिस्ड और प्रोसेस्ड जेमस्टोन के लिए रत्न नगरी के तौर पर जाना जाता है, उन सभी रत्नों का जस-2024, में अनूठा प्रदर्शन होगा। इसमें एमरेल्ड इस बार भी खास रहने वाला है, क्योंकि आज भी पूरी दुनिया में जयपुर एकमात्र शहर है, जहां 90 प्रतिशत एमरेल्ड की प्रोसेसिंग- मैन्युफैक्चरिंग होती है। एमरेल्ड के साथ दुनियाभर से समुद्र की गहराई, पहाड़ों और जंगलों की खदानों से संजोए गए सौ से ज्यादा बेशकीमती रत्नों को जयपुर के हुनरमंद कारीगरों के हाथों से तराश कर इस शो में प्रदर्शित किया जाएगा।
कुंदन-मीना-पोलकी की जड़ाऊ ज्वेलरी भी होगी प्रदर्शित
इस बार जयपुर की कुंदन-मीना-पोलकी की जड़ाऊ ज्वेलरी का भी प्रदर्शन होगा। कुंदन- मीना- पोलकी के जड़ाऊ आभूषण जयपुर की पहचान है और विश्वभर में करोड़ों लोग जयपुर की कुंदन- मीना- पोलकी आभूषणों के दीवाने हैं। इस बार जयपुर के ज्वैलर्स ने शो के लिए कुंदन- मीना- पोलकी जड़ाऊ ज्वेलरी के लिए मॉडर्न डिजाइन और लेटेस्ट पैटर्न तैयार किए हैं, जिनका इस शो में प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा डायमंड और जेम स्टोन ज्वैलरी के अब तक के सबसे शानदार डिजाइन इस शो में प्रस्तुत किए जाएंगे। शो में स्वर्णाभूषण की विस्तृत रेंज और डिजाइन प्रदर्शित किया जाएंगे। सिल्वर ज्वैलरी और ऑर्नामेंट भी देश-विदेश के ट्रेड बायर्स को आकर्षित करेंगे।
सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था
जस-२०२४ में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। पूरा शो परिसर 24*7 थ्री लेयर सुरक्षा घेरे में रहेगा। पूरे एग्जीबिशन सेंटर पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा पुलिस प्रशासन का जाब्ता शो की सुरक्षा में तैनात रहेगा। इसके अलावा बाउंसर और गार्ड प्रत्येक दिन 24 घंटे यहां अपनी सेवाएं देंगे।

