Wednesday, July 15, 2026 |
Home Metro City Specialरत्न और आभूषण इंडस्ट्री ने एक बार फिर वैश्विक उपस्थिति का दिया प्रभावशाली प्रमाण

रत्न और आभूषण इंडस्ट्री ने एक बार फिर वैश्विक उपस्थिति का दिया प्रभावशाली प्रमाण

तीन दिवसीय जस-२०२५ प्रीमियम बी२बी शो का समापन

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। ज्वैलरी एसोसिएशन जयपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जस-२०२५ प्रीमियम बी२बी शो का सीतापुरा स्थित नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर में भव्यता और सफलता के साथ रविवार को समापन हुआ। शो में भारत की रत्न और आभूषण इंडस्ट्री ने एक बार फिर अपनी वैश्विक उपस्थिति का प्रभावशाली प्रमाण दिया है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जस शो के दौरान आयोजित अवार्ड समारोह गाला नाइट में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। ज्वैलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष व जस के सह-कन्वीनर राजू मंगोडीवाला ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और कहा कि राजस्थान सरकार से हमें इस व्यवसाय के लिए अनेक आशाएं हैं। पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री हमारी जेम्स एंड ज्वेलरी इंडस्ट्री के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल जी शर्मा ने मंच पर उत्कृष्ट डिजाइन और नवाचार को सम्मानित कर राज्य की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि उद्योग के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण भी रहा।
नवाचारों और आयोजन भव्यता की सराहना
मुख्यमंत्री ने ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर की ओर से किए गए नवाचारों और आयोजन की भव्यता की सराहना की और कहा कि जयपुर को ‘विश्व रत्न राजधानी’ का दर्जा मिलना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को इस क्षेत्र में आगे लाने का आह्वान किया। गाला नाइट में 15 प्रमुख कैटेगरीज में अवार्ड्स प्रदान किए गए, जिनमें डिज़ाइन, इनोवेशन और आर्टिस्ट्री में उत्कृष्टता को सराहा गया। 6 जुलाई को शो के अंतिम दिन भी उद्योग में नई साझेदारियों, इनोवेशन डिस्कशन और व्यापारिक सौदों का सिलसिला जारी रहा। भाजपा के अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं जयपुर हैरिटेज की महापौर कुसुम यादव एवं विधायक बालमुकुंद आचार्य ने भी शो में शिरकत की और प्रदर्शनी स्थल का भ्रमण करते हुए विभिन्न बूथों का अवलोकन किया।
कई करोड़ रुपए के व्यापारिक सौदों की हुई शुरुआत
शो में प्रतिदिन 5500 से अधिक फुटफॉल दर्ज किया गया, जिसमें अमेरिका, जर्मनी , मध्य-पूर्व, दक्षिण लंदन, थाईलैंड एशिया से आए व्यापार प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रदर्शकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ सीधे संवाद करने का मंच मिला। इससे कई करोड़ रुपए के व्यापारिक सौदों की शुरुआत हुई। होस्टेड बायर्स प्रोग्राम के तहत देशभर के प्रतिष्ठित रिटेलर्स और डीलर्स ने अपने व्यापारिक नेटवर्क को विस्तार दिया। पांच जुलाई को ज्वैलरी का ज्वैलरी एमिनेंस अवार्ड सबसे भव्य और चर्चित रहा। इस वर्ष की थीम रॉयल डी आर्ट रही, जो भारत की राजसी विरासत, गरिमा और सांस्कृतिक गौरव को समर्पित थी। इस विशेष गाला नाइट में बॉलीवुड अभिनेत्री शहज़ान पदमसी की उपस्थिति ने आयोजन को और भी आकर्षक बनाया।
शो के दौरान
एमओयू पर हुए हस्ताक्षर
जस शो का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री राजकुमारी दिया कुमारी ने किया था और मुख्य अतिथि प्रबंध निदेशक, टाइटन कंपनी तनिष्क के सी. के. वेंकटरमण थे। उद्घाटन समारोह पर मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने ‘जेम वल्र्ड,’ जो कि ज्वैलर्स एसोसिएशन, जयपुर की आधिकारिक मैगजीन है, का विमोचन भी किया था। शो के दौरान ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए, जो भारत और थाईलैंड के बीच रत्न और आभूषण क्षेत्र में व्यापारिक सहयोग, व्यापार को सरल बनाने और गहरे संबंधों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एमओयू ज्वैलर्स एसोसिएशन, जयपुर और इंडियन-थाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स के बीच हुआ। ज्वैलर्स एसोसिएशन, जयपुर का प्रतिनिधित्व अध्यक्ष आलोक सौंखिया, जस के संयोजक अशोक माहेश्वरी और ज्वैलर्स एसोसिएशन के मानद् सचिव नीरज लूणावत ने किया। जबकि इंडियन-थाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधित्व अध्यक्ष सुशील कुमार धनुका, मानद् सचिव अमित लाल सिंह, मानद् कोषाध्यक्ष बीरेन सुरेन्द्र पारीख, संयुक्त मानद् सचिव अमित बर्मिवाल, कार्यकारी निदेशक-सदस्यता नवीन बतवारा और कार्यकारी निदेशक- रत्न एवं आभूषण पवन कुमार मिश्रा ने किया।
जयपुर का बाजार विश्व का सर्वश्रेष्ठ बाजार: आलोक सौंखिया
ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक सौंखिया ने कहा कि हम एक बहुत ही सुंदर व्यवसाय से जुड़े हैं, क्योंकि हम उन रत्नों से जुड़ाव रखते हैं जो सीमित संस्करण होते हैं- प्राकृतिक रत्न। सबसे पहले तो हम रत्नों से प्रेम करते हैं, और यही भावना हमारे व्यापार की आत्मा है। उन्होंने सभी खरीदारों से कहा कि आप बिल्कुल सही स्थान पर आए हैं। जयपुर का बाजार विश्व का सर्वश्रेष्ठ बाजार है। यहां की विविधता, कारीगरी, और गुणवत्ता ने इसे वैश्विक स्तर पर एक विशेष पहचान दिलाई है।
मानद् सचिव नीरज लूणावत एवं जस कन्वीनर अशोक माहेश्वरी ने भी इस अवसर पर विचार व्यक्त किए और शो की सफलता एवं उद्योग की दिशा में अपने अनुभव साझा किए।



You may also like

Leave a Comment