बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के सहयोग से ‘द ग्रैंड हेरिटेज चेज’ एक अनूठी कार रैली और ट्रैजर हंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आगाज जयपुर में अमर जवान ज्योति से हुआ, जहां मुख्य अतिथि, पर्यटन, कला और संस्कृति सचिव तथा आयुक्त, आईएएस, रवि जैन ने हरी झंडी दिखाकर कार रैली को रवाना किया। इस दौरान आईसीसी राजस्थान की चेयरपर्सन, जयश्री पेरीवाल सहित जेके जाजू, मनुज गोयल, विज्ञान लोढ़ा, उदय परनामी, फेयरमोंट जयपुर से जुई कुलकर्णी शर्मा और रतन शर्मा और राजस्थान पर्यटन, संयुक्त निदेशक, पुनीता सिंह उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त, पर्यटन से जुड़े स्टेकहोल्डर्स और कॉर्पोरेट लीडर्स भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर आईएएस, रवि जैन ने कहा कि राजस्थान दिवस पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया गया। यह आयोजन ‘द ग्रैंड हेरिटेज चेज’ अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जुडऩे का एक खास मौका है। राजस्थान पर आधारित विशेष थीम कार रैली और ट्रैजर हंट जैसी अनूठी रोमांचक गतिविधियों ने लोगों को हमारे राज्य के गौरवमयी इतिहास और संस्कृति को जानने और समझने का एक अद्भुत अवसर प्रदान किया।
आईसीसी राजस्थान की चेयरपर्सन, जयश्री पेरीवाल ने कहा कि राजस्थान पर्यटन के साथ इस अद्वितीय आयोजन में सहयोग करना हमारे मिशन के अनुरूप है, जो विरासत-आधारित आर्थिक विकास को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। इस आयोजन के माध्यम से हमारा उद्देश्य राजस्थान के विरासत और पर्यटन को बढ़ावा देना है। उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी का आभार व्यक्त किया।

