दक्षिण कोरिया की वाहन निर्माता कंपनी Hyundai Motor America ने अमेरिका में 4लाख 21हजार से ज्यादा वाहनों को Recall किया है। कंपनी के इन वाहनों में सॉफ्टवेयर से जुड़ी ऐसी खराबी सामने आई है, जिसकी वजह से चलते वाहन में अचानक ब्रेक लग सकते हैं। इससे पीछे से टक्कर होने और सड़क दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह Recall वर्ष 2025 और 2026 के कुछ मॉडल्स पर लागू किया गया है। इनमें हुंडई टक्सन, हुंडई टक्सन हाइब्रिड, हुंडई टक्सन प्लग-इन हाइब्रिड और हुंडई सांता क्रूज़ जैसे वाहन शामिल हैं। अमेरिका की सड़क सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि वाहन में लगे फ्रंट कैमरा मॉड्यूल के सॉफ्टवेयर में त्रुटि पाई गई है। इसी कारण वाहन का Forward Collision-Avoidance Assist सिस्टम सड़क पर मौजूद स्थिति को गलत तरीके से पहचान रहा है। कई मामलों में सिस्टम ने बिना किसी वास्तविक खतरे के ही इमरजेंसी ब्रेक सक्रिय कर दिए।
सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, वाहन के सेंसर सिस्टम में आई गड़बड़ी पर्यावरण से मिलने वाले डाटा को सही तरीके से समझ नहीं पा रही है। इसी वजह से वाहन चलते समय अचानक ब्रेक लगने की घटनाएं सामने आईं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्टूबर 2024 से अप्रैल 2026 के बीच कंपनी को अचानक ब्रेक लगने से जुड़े 376 उपभोक्ता शिकायतें मिलीं। इस खराबी के कारण अब तक 4 दुर्घटनाएं और 4 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है।
समस्या को ठीक करने के लिए कंपनी अपने डीलर्स के जरिए फ्रंट कैमरा सॉफ्टवेयर को अपडेट करेगी। यह सेवा वाहन मालिकों को नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी 17 July 2026 तक प्रभावित वाहन मालिकों को सूचना पत्र भेज सकती है। इससे पहले भी Hyundai Motor America ने अमेरिका में 54हजार से ज्यादा वाहनों को Recall किया था। उस समय हाइब्रिड पावर कंट्रोल यूनिट में अधिक गर्मी बढ़ने से आग लगने का खतरा सामने आया था। फिलहाल कंपनी ने वाहन मालिकों को गाड़ी चलाना बंद करने की सलाह नहीं दी है। हालांकि, सूचना मिलने के बाद जल्द सर्विस अपॉइंटमेंट लेने की अपील की गई है।

