बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध दुनिया की प्रमुख होटल कंपनी हिल्टन होटल ने अपने लक्जरी ब्रांड सिग्निया के तहत एशिया प्रशांत क्षेत्र का पहला होटल जयपुर में शुरू करने की घोषणा की है। भारत में हिल्टन की ओर से सिग्निया ब्रांड का यह पहला होटल होगा। अमेरिका से बाहर हिल्टन अम्मान की ओर से पहला सिग्निया शुरू करने के पीछे ब्रांड की रणनीति दुनिया के प्रमुख संभावनाओं वाले बाजारों में अपना पोर्टफोलियो विस्तार करने की है।
संदीप बक्शी एंड फैमिली एलएलपी के साथ साझेदारी में विकसित 216 बेडरूम वाला यह होटल जयपुर में वर्ष 2028 में शुरू होने की उम्मीद है। हिल्टन फिलहाल राजस्थान में अपने 2 होटल हिल्टन जयपुर और डबल ट्री बाय हिल्टन जयपुर आमेर संचालित कर रही है।
हिल्टन के प्रेसिडेंट, एशिया पैसिफिक, एलन वॉट्स ने कहा कि यह साझेदारी एशिया प्रशांत क्षेत्र में हिल्टन की ओर से सिग्निया ब्रांड की रोमांचक शुरुआत है। इसके जरिए हम हिल्टन के अवॉर्ड विनिंग पोर्टफोलियो और प्रीमियम सेवाओं का विस्तार प्रमुख शहरों में करना चाहते हैं। जयपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत पर्यटन क्षेत्र और उभरते बिजनेस हब के रूप में बढ़ते महत्व के चलते सिग्निया बाय हिल्टन के लिए यह सबसे उपयुक्त निर्णय है। हम भारत में अपनी उपस्थिति को लगातार विविधता के साथ बढ़ा रहे हैं।’
जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 28 किलोमीटर की दूरी पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (एनई-4) पर स्थित यह नई प्रोपर्टी गुडग़ांव से केवल 3-4 घंटे की दूरी पर है जो इसे दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए बेहत आकर्षक बनाता है।
संदीप बक्शी एंड फैमिली एलएलपी के मैनेजिंग पार्टनर संदीप बक्शी ने कहा कि जयपुर हमेशा से विलासिता, विरासत और विश्वस्तरीय आतिथ्य का प्रतीक रहा है। राजस्थान लगातार लक्जरी ट्रेवलर्स और हाई प्रोफाइल बिजनेस गेस्ट्स की पसंद बना हुआ है, ऐसे में सिग्निया बाय हिल्टन का जयपुर में आगमन शहर के आतिथ्य को नई ऊंचाई पर ले जाएगा। इस ब्रांड को जयपुर जैसे शहर में लाने के लिए हिल्टन के साथ साझेदारी को लेकर हम उत्साहित हैं, क्योंकि यह शहर लक्जरी गेस्ट्स और बिजनेस ट्रेवलर्स की पसंद बना हुआ है।’

