Wednesday, July 15, 2026 |
Home Corporate Worldअपनी आर्थिक सेहत को बेहतर बनाने के लिए Health and Wellness Sector में करें निवेश

अपनी आर्थिक सेहत को बेहतर बनाने के लिए Health and Wellness Sector में करें निवेश

- संजय चावला, सीआईओ इक्विटी, बड़ौदा बीएनपी परिबा म्‍यूचुअल फंड

by Business Remedies
0 comments

आपने कई बार यह सुना होगा कि “स्वास्थ्य ही धन है।” लेकिन जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, यह कहावत केवल एक जुमला नहीं रह जाती, बल्कि सच लगती है। खासकर डायबिटीज, हृदय रोग और लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों जैसी समस्याओं के कारण, बढ़ते हुए मेडिकल खर्च, आपकी जेब पर भारी पड़ने लगते हैं। ये खर्च आपके मेडिक्लेम प्रीमियम को भी बढ़ा सकते हैं, जिससे आपकी वित्तीय योजना प्रभावित हो सकती है।

लेकिन क्या होगा अगर आप इन बढ़ते स्वास्थ्य खर्चों को एक निवेश के मौके में बदल सकें?

जैसा कि कहते हैं, “पीटर का नुकसान, अतुल का लाभ है।” यानी बीमारियां भले ही व्यक्तिगत रूप से आपको आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती हैं, लेकिन हेल्थ और वेलनेस (स्वास्थ्य और कल्याण) सेक्टर से जुड़े म्यूचुअल फंड्स में निवेश के जरिए आप उन्हीं कारणों से फायदा उठा सकते हैं, जो आपकी बचत को खत्म कर रहे हैं।

मेडिकल से जुड़ी महंगाई (मेडिकल इनफ्लेशन) से बचाव के अलावा (जो भारत में आमतौर पर सामान्य महंगाई से दोगुनी रही है), यहां तीन मजबूत कारण बताए गए हैं कि क्यों हेल्थकेयर सेक्टर को आपके निवेश पोर्टफोलियो में एक खास जगह मिलनी चाहिए:

 

1. आबादी की बनावट तय करती है भविष्य

पिछली सदी में भारत में औसत आयु 3 गुना से भी अधिक हो गई है और यह लगातार बढ़ रही है। 2050 तक, भारत की 21 फीसदी जनसंख्या 60 साल या उससे अधिक की उम्र की होगी। यह उम्रदराज जनसंख्या स्वास्थ्य सेवाओं की मांग बढ़ाएगी, जिससे दवाइयों, डायग्नोस्टिक्स, होम केयर और इंश्योरेंस जैसे सेक्टर में लंबे समय तक चलने वाले और मजबूत व्यावसायिक अवसर पैदा होंगे।

2. स्वास्थ्य जीवन भर की जरूरत है

बचपन से लेकर बुढ़ापे तक, स्वास्थ्य पर खर्च हमेशा बना रहता है। बस इसका प्रकार और आकार उम्र के अलग-अलग चरणों में बदलता है। बीसीजी (BCG) के अनुसार, इस दशक में हृदय रोग और डायबिटीज के मामलों में 34 फीसदी और कैंसर के मामलों में 41 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। शायद यही वजह है कि 2024 की मैकिंजी (McKinsey) की स्टडी में पाया गया कि उभरते बाजारों में भारतीय उपभोक्ता वेलनेस और फिटनेस पर सबसे ज्यादा खर्च कर रहे हैं। यह समाज में निवारक देखभाल (प्रिवेंटिव केयर) और जीवनशैली प्रबंधन (लाइफ स्टाइल मैनेजमेंट) की ओर बदलाव को दर्शाता है।

3. निवेश के लिए एक बड़ा, विविध और बढ़ता हुआ क्षेत्र

हेल्थ और वेलनेस सेक्टर अब पारंपरिक दवाइयों और अस्पतालों से आगे बढ़ गया है। इसमें अब क्लिनिकल रिसर्च ऑर्गनाइजेशन, कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग ऑर्गनाइजेशन, मेडटेक, डायग्नोस्टिक्स, इंश्योरेंस, न्यूट्रास्यूटिकल्स और फिटनेस ब्रांड शामिल हैं। 100 से अधिक कंपनियां, जिनका कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 200 बिलियन डॉलर है, निवेश के लिए गहराई और विविधता से भरपूर विकल्प प्रदान करती हैं, जिसमें जिसमें लार्ज-कैप (बड़ी कंपनियां), मिड-कैप (मिड साइज की कंपनियां), और स्मॉल-कैप (छोटी कंपनियां), सभी शामिल हैं।

भारत का फार्मास्युटिकल सेक्टर खासतौर पर देश की ग्लोबल स्तर पर नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है:

अफ्रीका की जेनेरिक दवाओं की जरूरतों का 50% आपूर्ति करता है।

अमेरिका में 40% जेनेरिक दवाओं का योगदान करता है।

यूके की 25% दवाओं की जरूरत पूरी करता है।

यह नेतृत्व कम आरएंडडी लागत (अमेरिका की तुलना में एक-चौथाई) और कम मैन्युफैक्चरिंग लागत (अमेरिका से आधे से भी कम) के कारण संभव हुआ है। यह वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बनाए रखता है, जो जल्दी समाप्त होने की संभावना नहीं है।

बेहतर प्रदर्शन

बीएसई हेल्थकेयर टोटल रिटर्न इंडेक्स ने 1, 3, 7 और 15 सालों में BSE 500 टोटल रिटर्न इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि पिछले 14 सालों में हेल्थकेयर इंडेक्स में शामिल कंपनियों की कमाई BSE 500 की कंपनियों से अधिक रही है। यह दिखाता है कि जिन निवेशकों का निवेश का नजरिया मिड से लॉन्ग टर्म का रहा है, उनके लिए इस थीम पर आधारित सेक्टर फंड में थोड़ा पैसा लगाना फायदेमंद हो सकता है।

निष्कर्ष

जैसे-जैसे मेडिकल खर्च बढ़ रहे हैं, समझदार निवेशक हेल्थ और वेलनेस सेक्टर को न सिर्फ सुरक्षा के रूप में बल्कि हाई ग्रोथ वाले निवेश थीम के रूप में अपना रहे हैं। अपने पोर्टफोलियो को इस महत्वपूर्ण और लगातार बढ़ते हुए सेक्टर के साथ जोड़कर, आप न सिर्फ अपनी संपत्ति को सुरक्षित कर सकते हैं, बल्कि इसे बढ़ा भी सकते हैं।



You may also like

Leave a Comment