Friday, December 12, 2025 |
Home » G20 शिखर सम्मेलन: AI के दुरुपयोग को रोकने के लिए PM Modi ने वैश्विक समझौते का आव्हान किया

G20 शिखर सम्मेलन: AI के दुरुपयोग को रोकने के लिए PM Modi ने वैश्विक समझौते का आव्हान किया

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/जोहान्सबर्ग (आईएएनएस)। जी20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल वैश्विक भलाई के लिए होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि दुनिया को एक ऐसा ग्लोबल समझौता बनाना चाहिए, जिसमें पारदर्शिता, मानवीय निगरानी, सुरक्षित डिज़ाइन और गलत इस्तेमाल रोकने जैसे सिद्धांत शामिल हों। जी20 शिखर सम्मेलन के तीसरे सत्र ‘सभी के लिए न्यायपूर्ण भविष्य’ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एआई इंसानों की क्षमताओं को बढ़ाना चाहिए, लेकिन अंतिम निर्णय हमेशा इंसान ही लें। उन्होंने कहा कि एआई तकनीक इंसान-केंद्रित होनी चाहिए, न कि केवल मुनाफे या किसी एक देश पर केंद्रित। यह खुली तकनीक पर आधारित होनी चाहिए, ताकि हर देश इसका लाभ उठा सके।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने इसी सोच को अपनी टेक्नोलॉजी नीति में शामिल किया है। इसी का नतीजा है कि भारत स्पेस, डिजिटल पेमेंट और एआई के कई क्षेत्रों में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि भारत की एआई नीति समान पहुंच, बड़े स्तर पर कौशल विकास और जिम्मेदार उपयोग पर केंद्रित है। इंडिया-एआई मिशन के तहत देश में हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि एआई का लाभ हर नागरिक तक पहुंच सके। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत 2026 में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ की मेजबानी करेगा, जिसका विषय होगा ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’। उन्होंने सभी जी20 देशों को इसमें शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि एआई के दौर में हमें ‘आज की नौकरियों’ से आगे बढक़र ‘भविष्य की क्षमताओं’ पर ध्यान देना होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि आने वाले समय में जी20 देशों को वैश्विक स्तर पर प्रतिभा के आदान-प्रदान का एक ढांचा तैयार करना चाहिए।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत विश्व कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
भारत ऐसे विकास का समर्थन करता है जो टिकाऊ हो, ऐसा व्यापार जो भरोसे पर आधारित हो, ऐसा वित्त जो न्यायपूर्ण हो और ऐसी प्रगति जिसमें हर व्यक्तिआगे बढ़ सके।



You may also like

Leave a Comment