बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। पश्चिम बंगाल की कोलकाता आधारित ‘एसेक्स मरीन लिमिटेड’ सी फूड प्रसंस्करण और निर्यात क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा शंकरपुर रोड, कलुया सांडा, कुलियाता, पश्चिम बंगाल स्थित मौजूदा प्रसंस्करण इकाई में मौजूदा पीलिंग क्षमता का विस्तार, शंकरपुर रोड, कलुया सांडा, कुलियाता, पश्चिम बंगाल स्थित मौजूदा प्रसंस्करण इकाई में मौजूदा प्रक्रिया में ब्लैंचिंग जोडक़र “रेडी-टू-कुक” अनुभाग की स्थापना, कंपनी की कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं का वित्तपोषण, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ उधारों का पूर्ण या आंशिक रूप से पुनर्भुगतान/पूर्व-भुगतान और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: 2009 में स्थापित, एसेक्स मरीन लिमिटेड एक सी फूड प्रसंस्करण और निर्यात कंपनी है। यह कंपनी रिबन मछली, ईल मछली, समुद्री मछली, स्क्विड और मैकेरल सहित उच्च-गुणवत्ता वाली मछली और जलीय कृषि उत्पादों की खरीद, प्रसंस्करण, भंडारण और निर्यात चीन, बेल्जियम और जापान जैसे देशों को करती है।
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में स्थित उनकी प्रसंस्करण सुविधा, ग्लेजऱ और हार्डनर के साथ आईक्यूएफ, प्लेट फ्रीजर, ब्लास्ट फ्रीजर और कोल्ड स्टोरेज चैंबर जैसी आधुनिक मशीनों से सुसज्जित है, जो एचएसीसीपी, जीएमपी, एसएसओपी, एफएसएआई और बीआरसी जैसे अंतर्राष्ट्रीय मानकों का पालन करती है। कंपनी फ्रोजन मछली और झींगा आपूर्ति श्रृंखला में काम करती है और भारत के पूर्वी तट से स्रोत प्राप्त करती है। कंपनी इनका प्रसंस्करण करती है और अंतर्राष्ट्रीय ग्राहकों को उत्पादों का निर्यात करती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में समुद्री मछली, समुद्री झींगा और एक्वाकल्चर वन्नामेई झींगा शामिल हैं। कंपनी की आधुनिक प्रसंस्करण सुविधा दीघा के पास शंकरपुर में स्थित है, जो पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर में एक प्रमुख लैंडिंग केंद्र है, जो उच्च वन्नामेई जलीय कृषि उत्पादन के लिए जाना जाता है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 63.01 करोड़ रुपए का राजस्व और 1.73 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ,वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 23.59 करोड़ रुपए का राजस्व और 2.03 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 21.11 करोड़ रुपए का राजस्व और 1.82 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में 31 दिसंबर 2024 तक कंपनी ने 29.86 करोड़ रुपए का राजस्व और 4.01 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 में 31 दिसंबर 2024 तक कंपनी ने 13.42 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में 31 दिसंबर 2024 तक कंपनी की असेट 49.75 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 17.11 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 11.61 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 20.91 करोड़ रुपए दर्ज किया गया।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘एसेक्स मरीन लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर 4 अगस्त को खुलकर 6 अगस्त 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 42,62,000 शेयर 54 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 23.01 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 2000 शेयरों का है। रिटेल निवेशकों को कुल 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी खांडवाला सिक्योरिटीज लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

