बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। एम्पलॉयर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान का 40 सदस्यीय दल 11 से 21 जून तक बिजनेस टूर पर जापान यात्रा पर जाएगा ।
ईएआर कार्यालय पर अध्यक्ष एन.के. जैन के नेतृत्व में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस मौके पर एन.के. जैन ने बताया कि भारत- पाक के बीच तनाव की स्थिति में चीन, तुर्किए और अजरबैजान जैसे देशों के साथ व्यापारिक संबंधों को सीमित किया जाना चाहिए। उनकी जगह जापान जैसे मित्र देशों के साथ व्यावसायिक संबंध और मजबूत करने की आवश्यकता है। जापान का राजस्थान के साथ विशेष व्यावसायिक रिश्ता भी है। यहां नीमराणा में राज्य सरकार ने अलग से जापानी कंपनियों के लिए जापानी जोन की स्थापना की है। इसी के मद्देनजर ईएआर का यह दल राजस्थान के शीर्ष औद्योगिक प्रतिनिधियों के साथ जापान के साथ द्विपक्षीय व्यापार की नई संभावनाओं को तलाशने के लिए जापान यात्रा पर जा रहा है। इस दौरान यहां ओसाका में आयोजित इंटरनेशनल एक्सपो का विजिट किया जाएगा। जहां पूरी दुनिया की कंपनियां बिजनेस ग्रोथ के लिए एक दूसरे के साथ एक प्लेटफॉर्म पर आती हैं। इसके बाद नागोया औद्योगिक नगरी में दुनिया की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी टोयोटा के विश्व प्रसिद्ध म्यूजियम का विजिट और फिर जापान की स्टील, टैक्सटाइल और इलेक्ट्रॉनिक इंडस्ट्रियल यूनिट्स विजिट किया जाएगा। 10 दिन की इस व्यावसायिक यात्रा में ईएआर का दल जापान की राजधानी टोक्यो स्थित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के साथ राजस्थान से व्यापार बढ़ाने के लिए द्विपक्षीय वार्ता करेगा। इसमें जापान के उद्योगपति, उच्चायुक्त और बिजनेस चैम्बर्स के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह दल हांगकांग के रास्ते वापस जयपुर आएगा। इस दौरान एक दिन हांगकांग में ज्वेलरी फैक्ट्री का भी विजिट किया जाएगा। बिजनेस के साथ यह दल जापान की कला संस्कृति और पर्यटन का भी आनंद लेगा। इसके लिए माउंट फूजी, डिजनीलैंड, बुलेट ट्रेन ,फ्लोटिंग गार्डन की यात्रा के साथ टोक्यो ,
ओसाका , क्योटो और नारा के सभी प्रमुख दर्शनीय स्थलों का विजिट भी किया जाएगा। इस दल में गिन्नी स्पेक्ट्रा के किशन पोद्दार, अनुराग केबल्स एंड कंडक्टर्स के विनय चौरडिया, रेजपावर इंफ्रा के ए. के. जैन, सृष्टि इंफ्रास्ट्रक्चर के विनोद जुनेजा, ईएआर ग्लोबल रिसोर्सेस की पूजा गुप्ता, आरएमसी स्विच गियर्स के अशोक अग्रवाल, यूनिक पावर के अशोक शर्मा, डॉट्सटार्क टेक्नोलॉजी की वंशिका जांगिड़, इलेक्ट्रो डाइज एंड टूल्स के हरि जौहरी, हाई फेयर अपैरल्स और परम प्रोडक्ट्स के बीड़ी खंडेलवाल, सिध्दीविनायक की चंद्रकांता जुनेजा, मेवाड़ प्लेसमेंट के महावीर प्रसाद पारीक, सैपलैब्स इंडिया के ऋषभ त्रिपाठी, अरुण एसोसिएट्स के डॉ अरुण कुसुंभीवाल, वॉलफोर्ट फाइनेंशियल सर्विसेज के देव चंद्र हीरावत, ओसवाल इंजीनियर्स के सज्जन सिंह जैन, करेजियस कम्युनिटी फाउंडेशन के विनोद कुमार जेटली, खंडेलवाल पॉलीमर के विशंभर दयाल खंडेलवाल, कैपिलरी इंडिया के संकल्प चौधरी, राजश्री लुब्रिकेंट के अजय कुमार जेटली, वर्मा बिल्डर की अक्षा कुसुमबिवाल, एकेडमी ऑफ इंटीरियर डिजाइन की कविता कुसुंबिवाल, त्रिपाठी एडविक फाउंडेशन की श्रद्धा त्रिपाठी जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

