दो पेशेवरों के योगदान को सम्मानित करने और उनके प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर प्रदान करने का आज दिन है। भारत में हर वर्ष एक जुलाई को राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस मनाया जाता रहा है। डॉक्टर दिवस डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि को लेकर मनाया जाता है, जो एक प्रसिद्ध चिकित्सक और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री थे। यह दिन डॉक्टरों
के समर्पण और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है। वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान की स्थापना के रूप में मनाया जाता है। यह दिन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के वित्तीय क्षेत्र में योगदान को मान्यता देता है। यह संस्थान चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के पेशे को नियंत्रित और विनियमित करने के लिए जिम्मेदार है और यह सुनिश्चित करता है कि वे उच्च मानकों को बनाए रखें। वहीं समाज में डॉक्टरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वे अपना जीवन मरीजों की भलाई के लिए समर्पित करते हैं। बीमारी या स्थिति से तेजी से ठीक होने में सहायता करते हैं और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार करते हैं। वे चिकित्सा विज्ञान को अच्छी तरह समझते हैं और मरीजों की चिकित्सा स्थितियों का इलाज करने और जीवन बढ़ाने के लिए अपने ज्ञान को समर्पित करते हैं। इसके अलावा मानव स्वास्थ्य के प्रति उनका योगदान उम्मीदों से परे है। वे हमेशा कोविड-19, डिजीज एक्स, प्लेग, फ्लू, एड्स, इबोला और अन्य जैसी महामारी की स्थिति में आम जनता की रक्षा के लिए सबसे पहले प्रतिक्रिया देते हैं। इस विशेष दिन पर प्रत्येक भारतीय को अपने देश के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले कुशल चिकित्सा विशेषज्ञों पर गर्व महसूस करना चाहिए और चिकित्सा आपात स्थितियों के दौरान उनके प्रयासों और योगदान के लिए आभारी होना चाहिए। वहीं यह दिन इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की स्थापना का अवसर भी है, जो एक जुलाई,१९४९ को स्थापित किया गया था। आज का दिन इन पेशेवरों के महत्व को पहचानने और उनके काम की सराहना करने के लिए प्रेरित करते हैं।

