मुंबई। केंद्र सरकार की योजना अलीबाबा और अमेजन की तर्ज पर ‘भारतक्राफ्टÓ पोर्टल पेश करने की है। यह एक ई-कॉमर्स मार्केटिंग मंच है। इस मंच से दो-तीन साल में करीब 10 लाख करोड़ रुपये का राजस्व आने की उम्मीद है।
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) मंत्री नितिन गडकरी ने यह जानकारी दी। गडकरी ने कहा कि भारतक्राफ्ट पोर्टल एमएसएमई कंपनियों को बाजार उपलब्ध कराएगा और अपने उत्पादों को बेचने में मदद करेगा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के इमर्ज मंच पर 200वीं एमएसएमई कंपनी वंडर फाइबरोमेट्स के सूचीबद्ध होने के अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, हम एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देना चाहते हैं। यह क्षेत्र वर्तमान में विनिर्माण में करीब 29 प्रतिशत और निर्यात में 40 प्रतिशत का योगदान करता है। गडकरी ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र में अगले पांच साल में 5 करोड़ अतिरिक्त रोजगार सृजित करने की क्षमता है।

