Thursday, March 12, 2026 |
Home » BSNL ने नए साल पर यूजर्स को दिया तोहफा, लॉन्च की वॉयस ओवर वाईफाई सर्विसेज

BSNL ने नए साल पर यूजर्स को दिया तोहफा, लॉन्च की वॉयस ओवर वाईफाई सर्विसेज

by Business Remedies
0 comments

Business Remedies/नई दिल्ली (आईएएनएस)। सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने नए साल के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर वॉइस ओवर वाई-फाई (VoWiFi) सेवाओं की शुरुआत की है, जिसे आमतौर पर वाई-फाई कॉलिंग के नाम से जाना जाता है।

बीएसएनएल ने कहा कि यह उन्नत सेवा अब देश के सभी दूरसंचार सर्किलों में सभी ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। इसके माध्यम से ग्राहक वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग करके स्पष्ट और निर्बाध वॉइस कॉल कर सकेंगे, खासकर उन स्थानों पर जहां मोबाइल नेटवर्क कमजोर या सीमित रहता है।

कंपनी के अनुसार, वॉइस ओवर वाई-फाई सेवा ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी, बशर्ते वहां बीएसएनएल भारत फाइबर या अन्य ब्रॉडबैंड सेवाओं के जरिए स्थिर वाई-फाई कनेक्शन उपलब्ध हो। यह तकनीक नेटवर्क पर भीड़ को कम करने में भी मदद करती है और ग्राहकों के लिए पूरी तरह नि:शुल्क है। वाई-फाई कॉलिंग के लिए किसी अतिरिक्त शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा।

संचार मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “वॉइस ओवर वाई-फाई ग्राहकों को वाई-फाई नेटवर्क पर कॉल करने और संदेश भेजने एवं प्राप्त करने की सुविधा देता है। इससे घरों, कार्यालयों, बेसमेंट और दूरदराज के इलाकों जैसे कमजोर मोबाइल सिग्नल वाले क्षेत्रों में भी स्पष्ट और विश्वसनीय कनेक्टिविटी सुनिश्चित होती है।”

मंत्रालय के अनुसार, वॉइस ओवर वाई-फाई एक आईएमएस-आधारित सेवा है, जो वाई-फाई और मोबाइल नेटवर्क के बीच निर्बाध हैंडओवर की सुविधा प्रदान करती है। कॉल ग्राहक के मौजूदा मोबाइल नंबर और फोन डायलर के माध्यम से की जाती हैं और इसके लिए किसी थर्ड-पार्टी एप्लिकेशन की आवश्यकता नहीं होती।

बीएसएनएल ने बताया कि यह सेवा अधिकांश आधुनिक स्मार्टफोन पर समर्थित है। ग्राहकों को केवल अपने हैंडसेट की सेटिंग में जाकर वाई-फाई कॉलिंग विकल्प को सक्रिय करना होगा। डिवाइस की अनुकूलता और तकनीकी सहायता के लिए ग्राहक अपने नजदीकी बीएसएनएल ग्राहक सेवा केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं या बीएसएनएल हेल्पलाइन नंबर 1800-1503 पर कॉल कर सकते हैं।

मंत्रालय ने कहा कि वॉइस ओवर वाई-फाई सेवा का शुभारंभ बीएसएनएल के नेटवर्क आधुनिकीकरण कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह देशभर में, विशेष रूप से कम कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में, दूरसंचार सेवाओं को मजबूत करने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



You may also like

Leave a Comment