बिजनेस रेमेडीज/New Delhi (आईएएनएस)। दिग्गज अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी Apple ने 2025 में भारत में उत्पादन करीब 53 प्रतिशत बढ़ाया है और इस दौरान करीब 5.5 करोड़ यूनिट्स की असेंबली की है, यह आंकड़ा इससे पहले के वर्ष में 3.6 करोड़ यूनिट्स था। यह जानकारी रिपोर्ट्स में दी गई। Bloomberg की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया कि Apple अमेरिका में चीनी उत्पादों पर लगने वाले टैरिफ से बचने के लिए भारत में अपने करीब एक चौथाई फ्लैगशिप प्रोडक्ट्स का उत्पादन कर रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया कि Apple वैश्विक स्तर पर प्रतिवर्ष लगभग 22-23 करोड़ iPhone का उत्पादन करता है, जिसमें भारत की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रही है। इसकी वजह सरकार द्वारा Production Linked Incentive (PLI) के तहत मिलने वाला प्रोत्साहन है। PLI के तहत मिलने वाले प्रोत्साहन ने चीन की तुलना में कमजोर आपूर्ति श्रृंखलाओं और रसद संबंधी चुनौतियों जैसी संरचनात्मक लागत संबंधी कमियों को दूर करने में मदद की है। Apple अब भारत में Foxconn Technology Group, Tata Electronics और Pegatron Corp जैसे आपूर्तिकर्ताओं के माध्यम से iPhone 17 series के सभी मॉडल, जिनमें Pro और Pro Max मॉडल भी शामिल हैं, का निर्माण करती है। iPhone 15 और iPhone 16 जैसे पुराने मॉडल घरेलू बिक्री और निर्यात के लिए स्थानीय स्तर पर ही बनाए जा रहे हैं।
भारत में बिक्री 9 अरब डॉलर से अधिक हो जाने के बाद, Apple अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार कर रहा है और अब इसके छह स्टोर हो चुके हैं। साथ ही, कंपनी इस साल के अंत में भारत में Apple Pay लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
इंडस्ट्री के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में भारत से निर्यात होने वाली सबसे मूल्यवान वस्तु Apple का iPhone बन गया है। इस दौरान देश में स्थित प्लांट्स से Apple ने लगभग 23 अरब डॉलर मूल्य के iPhone निर्यात किए गए, जिनमें से अधिकतर अमेरिका भेजे गए। जनवरी-दिसंबर की अवधि में कुल 30.13 अरब डॉलर मूल्य के निर्यात के साथ, स्मार्टफोन पहली बार भारत की शीर्ष निर्यात श्रेणी बन गई है। कुल स्मार्टफोन निर्यात में Apple की हिस्सेदारी 76 प्रतिशत रही है।

