बिजनेस रेमेडीज/New Delhi। प्रीमियम मोटरसाइकिल निर्माता BMW ने भारतीय बाजार में अपनी नई सुपरबाइक BMW M 1000 R को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस मोटरसाइकिल को सुपरबाइक सेगमेंट में पेश किया है। शक्तिशाली इंजन और उन्नत तकनीक से लैस इस बाइक को उच्च प्रदर्शन और रेसिंग अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस
नई BMW M 1000 R में कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इसमें LED लाइट, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, M लोगो और M कार्बन व्हील जैसे प्रीमियम एलिमेंट शामिल हैं। इसके अलावा इसमें Race Pro 1-3 जैसे राइडिंग मोड, 6-Axis सेंसर बॉक्स से लैस नवीनतम पीढ़ी का Dynamic Traction Control, Wheelie फंक्शन, ABS, Pro Modes, Heated Grip और USB Charger जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।
दमदार इंजन और प्रदर्शन
कंपनी ने इस सुपरबाइक में 999 CC क्षमता का इंजन दिया है, जो 154 किलोवाट की शक्ति उत्पन्न करता है। यह मोटरसाइकिल केवल 3.2 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम गति 280 किलोमीटर प्रति घंटा तक बताई गई है।
लॉन्च के मौके पर Hardeep Singh Brar, अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी, BMW Group India ने कहा कि नई BMW M 1000 R कंपनी की M जेनेटिक्स का सशक्त उदाहरण है, जहां एक उच्च प्रदर्शन वाली सुपरबाइक और एक गतिशील रोडस्टर का मेल देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि इस मोटरसाइकिल को उन राइडर्स के लिए सावधानीपूर्वक तैयार किया गया है जो सडक़ों और रेस ट्रैक दोनों पर बेहतरीन प्रदर्शन की मांग करते हैं।
उन्होंने कहा कि अपने विशिष्ट चार सिलेंडर इंजन की दमदार आवाज के साथ नई MR उन राइडर्स के लिए बनाई गई है जो लगातार अपनी सीमाओं को आगे बढ़ाते हैं। यह मशीन M प्रदर्शन के बेजोड़ मानकों को सडक़ पर लाती है और यह सुनिश्चित करती है कि हर सवारी शक्ति और सटीकता का वास्तविक अनुभव बने।
कीमत
कंपनी ने इस मोटरसाइकिल को भारत में पूरी तरह निर्मित इकाई के रूप में पेश किया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 33.50 लाख रुपये रखी गई है।

