बिजऩेस रेमेडीज/ अहमदाबाद/आईएएनएस Adani Energy Solutions Limited (AESL) ने शुक्रवार को कहा कि उसने महाराष्ट्र में 1,660 करोड़ रुपए का अंतर-राज्यीय ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट जीता है।
इस प्रोजेक्ट के दायरे में 3,000 मेगावोल्ट-एम्पीयर (एमवीए) क्षमता के सबस्टेशनों की स्थापना के अलावा अन्य संबंधित ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थापना शामिल है, जिससे एईएसएल का कुल ट्रांसमिशन नेटवर्क 26,696 सीकेएम (सर्किट किलोमीटर) और 93,236 एमवीए की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता तक पहुंच जाएगा। भारत की सबसे बड़ी निजी ट्रांसमिशन और वितरण कंपनी और अदाणी समूह का हिस्सा एईएसएल ने कहा कि यह प्रोजेक्ट जनवरी 2028 तक चालू हो जाएगा। स्पेशल परपज व्हीकल (एसपीवी), डब्ल्यूआरएनईएस तालेगांव पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड के तहत स्थित यह प्रोजेक्ट क्षेत्र में आगामी हाइड्रो पंप स्टोरेज परियोजनाओं (पीएसपी) से 1.5 गीगावाट ग्रीन बिजली निकालने में मदद करेगा और मुंबई और आसपास के क्षेत्रों की मांग को पूरा करने में सहायता करेगा। प्रोजेक्ट एसपीवी को औपचारिक रूप से एईएसएल को हस्तांतरित कर दिया गया है।
AESL ने टैरिफ-आधारित प्रतिस्पर्धी बोली (TBC) सिस्टम के तहत यह अंतर-राज्यीय ट्रांसमिशन सिस्टम (ISTS) प्रोजेक्ट जीता है और आरईसी पावर डेवलपमेंट एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (आरईसीपीडीसीएल) बोली प्रक्रिया समन्वयक थी। कंपनी ने बताया कि इस ऑर्डर जीत के साथ, एईएसएल की ट्रांसमिशन ऑर्डरबुक अब 61,600 करोड़ रुपए हो गई है। एईएसएल का वित्त वर्ष 25 में शुद्ध मुनाफा 103 प्रतिशत बढक़र ऑल-टाइम हाई 2,427 करोड़ रुपए पर था। इसके साथ ही, जनवरी-मार्च अवधि में कंपनी का मुनाफा 87 प्रतिशत बढक़र 714 करोड़ रुपए हो गया था। वित्त वर्ष 25 में अदाणी ग्रुप की कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 42 प्रतिशत बढक़र 24,447 करोड़ रुपए हो गई। इसकी वजह ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स से आय में इजाफा, मुंबई एवं मुंद्रा में बिजली की रिकॉर्ड बिक्री और स्मार्ट मीटर बिजनेस का अच्छा प्रदर्शन करना है। पूरे वित्त वर्ष 25 के लिए ईबीआईटीडीए 23 प्रतिशत बढक़र 7,746 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया, जो ट्रांसमिशन सेगमेंट में दोहरे अंकों की आय वृद्धि और मुंबई बिजली वितरण कारोबार के ईबीआईटीडीए में लगातार विस्तार के कारण है।




