नई दिल्ली,
सरकार ने शुक्रवार को बताया कि नए Aadhaar App के शुरू होने के बाद पहले 2 दिनों के भीतर ही 2.5लाख से अधिक लोगों ने अपने आधार में ईमेल आईडी अपडेट कर ली है। इस नई सुविधा का उद्देश्य लोगों को आधार से जुड़ी सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराना और आधार जानकारी को आसानी से अद्यतन रखने में मदद करना है।
सरकार के अनुसार, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने Aadhaar App के माध्यम से लोगों को आधार में सीधे ईमेल आईडी जोड़ने या अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके लिए अब आधार नामांकन या अपडेट केंद्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह सुविधा 1 जुलाई 2026 से लागू हुई है और अगले 6महीनों तक पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा कि यह सेवा केवल Aadhaar App के माध्यम से उपलब्ध है, जिससे लोगों के लिए आधार की जानकारी को अद्यतन रखना पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गया है।
सरकार का कहना है कि यह पहल डिजिटल इंडिया अभियान और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य आधार सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना और लोगों की अनावश्यक भागदौड़ को कम करना है।
आधार के साथ ईमेल आईडी जोड़ने पर जब भी आधार प्रमाणीकरण का कोई अनुरोध किया जाएगा, संबंधित व्यक्ति को तुरंत ईमेल के माध्यम से सूचना मिल जाएगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और आधार धारकों को उनकी पहचान से जुड़े उपयोग की जानकारी समय पर मिलती रहेगी। साथ ही, यह सुविधा सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत भी प्रदान करेगी। सरकार ने बताया कि नया Aadhaar App स्मार्टफोन के जरिए कई आधार सेवाओं को सरल बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। ईमेल अपडेट के अलावा लोग इसी ऐप के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर और पता भी अपडेट कर सकते हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 40लाख से अधिक लोग Aadhaar App के जरिए अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर चुके हैं, जबकि लगभग 10लाख लोगों ने इसी ऐप का उपयोग करके अपना पता अपडेट किया है। यूआईडीएआई ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस नई सुविधा का लाभ उठाने के लिए Aadhaar App को डाउनलोड करें या उसका नवीनतम संस्करण अपडेट करें। यह ऐप Android और Apple iOS दोनों मंचों पर उपलब्ध है।

