जयपुर। भीलवाड़ा आधारित फर्टीलाइजर निर्माण क्षेत्र में कार्यरत ओस्तवाल समूह ने मिस्र में कारोबारी विस्तार के प्रयास शुरू किए हैं। समूह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश की उर्वरक कंपनियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मिस्र में पदस्थ कार्यकारी भारतीय राजदूत सी सुषमा के नेतृत्व में मिस्र के पेट्रोलियम और खनिज संसाधन मंत्री करीम बडाली से मुलाकात कर भारत के रसायन, उर्वरक पेट्रोकेमिकल्स, खनन के क्षेत्र में इजिप्ट के साथ सहयोग बढ़ाने के विषय में चर्चा की। इस चर्चा में ओस्तवाल समूह भीलवाडा की ओर से चन्द्रेश जैन के साथ देश की अन्य फर्टीलाइजर कंपनी के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मिस्र के पेट्रोलियम और खनिज संसाधन मंत्री करीम बडाली ने मिस्र एवं भारत के मध्य फर्टीलाइजर क्षेत्र में आपसी भागीदारी बढ़ाने की संभावना जताई। साथ ही मिस्र में ओस्तवाल समूह की सहभागिता से डीएपी/एनपीके प्लांट लगाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
इस मौके पर भारतीय राजदूत सी सुषमा ने कहा कि भारत पहले से ही मिस्र से बड़ी मात्रा में उर्वरक एवं इसके लिए आवश्यक कच्चा माल एवं मिनरल का आयात कर रहा है। वर्तमान में भारत की विभिन्न फर्टीलाइजर कंपनियां मिस्र के साथ दीर्घकालिक समझौते चाहती हैं।
ओस्तवाल समूह ने मिस्र में निवेश के अवसरों और फॉस्फेट उर्वरक, खनन, फॉस्फोरिक एसिड और अन्य विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्र में संयुक्त परियोजनाओं की संभावना का पता लगाने का आश्वासन दिया है। ओस्तवाल समूह के प्रतिनिधिमंडल ने फॉस्फेट परियोजनाओं की संभावनाओं का पता लगाने के लिए मिस्र के अबू तरटूर क्षेत्र का दौरा किया है।

