Thursday, August 20, 2026 |
Home Business Remediesविदेशी मुद्रा भंडार 1.05 अरब डॉलर बढक़र 630.61 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा

विदेशी मुद्रा भंडार 1.05 अरब डॉलर बढक़र 630.61 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/मुंबई। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 31 जनवरी को समाप्त सप्ताह में 1.05 अरब डॉलर बढक़र 630.61 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक ने यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 5.57 अरब डॉलर बढक़र 629.56 अरब डॉलर रहा था।

यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि हुई है, अन्यथा पिछले कुछ सप्ताहों से इसमें गिरावट का रुख रहा है। इस गिरावट का कारण पुनर्मूल्यांकन के साथ-साथ रुपये में उतार-चढ़ाव को कम करने के लिए आरबीआई द्वारा विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप को माना जा रहा है।

पिछले साल सितंबर के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार बढक़र 704.88 अरब डॉलर के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया था। रिजर्व बैंक के जारी आंकड़ों के अनुसार, 31 जनवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 20.7 करोड़ डॉलर घटकर 537.68 अरब डॉलर रह गईं। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.24 अरब डॉलर बढक़र 70.89 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 2.9 करोड डॉलर बढक़र 17.89 अरब डॉलर रहा।

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 1.4 करोड़ डॉलर घटकर 4.14 अरब डॉलर रह गया।



You may also like

Leave a Comment