–कोब्से का तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन हुआ संपन्न
-56 वां सम्मेलन त्रिपुरा में आयोजित करने का प्रस्ताव पारित
–बच्चों के समग्र विकास और शिक्षा की चुनौतियों पर हुआ महामंथन
–कोब्से सदस्यों के परिवारों को दिसंबर-जनवरी में वेलनेस के लिए आमंत्रण
हरिद्वार। छात्रों के सामाजिक-भावनात्मक विकास और कल्याण की चुनौतियों पर केंद्रित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का समापन पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट के सभागार में हुआ। 25 से 27 नवंबर तक आयोजित इस सम्मेलन में देश और विभिन्न राज्यों के 41 स्कूली शिक्षा बोर्डों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। तीन दिनों तक बच्चों के समग्र विकास, शिक्षा की बदलती जरूरतों, उनकी चुनौतियों और भारतीय शिक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक विमर्श हुआ। इस दौरान काउंसिल ऑफ बोर्ड्स ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (कोब्से) की जनरल बॉडी की बैठक में 56वां सम्मेलन त्रिपुरा में आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
समापन समारोह में योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही भारत विश्व गुरु बन सकता है। भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में विश्व गुरु बनना होगा। जिस प्रकार की शिक्षा व्यवस्था होगी, उसी के अनुरूप बच्चों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि समग्रता, समानता और समता के साथ जीवन में आगे बढ़ने से समस्याओं की गुंजाइश नहीं रहेगी। उनका सपना है कि भारत में ऐसा समय आए, जब 90 से 99 प्रतिशत बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ें और अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने पर गौरव महसूस करें।
तीन दिनों में हुए 12 प्रस्तुतिकरण
कोब्से के महासचिव एमसी शर्मा ने सम्मेलन की विस्तृत जानकारी दी। बताया कि 25 से 27 नवंबर के बीच विभिन्न विषयों पर कुल 12 प्रस्तुतिकरण हुए। सम्मेलन में नेपाल, भूटान के साथ देश के विभिन्न राज्यों के 41 शिक्षा बोर्डों के करीब 91 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सम्मेलन का पूरा अनुभव शानदार रहा। गंगा आरती से लेकर भारतीय शिक्षा बोर्ड की मेजबानी तक सभी व्यवस्थाओं का प्रतिभागियों ने आनंद लिया। उन्होंने भारतीय शिक्षा बोर्ड को देश के सभी राज्यों तक अपनी पहुंच बढ़ाने और नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही योग गुरु स्वामी रामदेव के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
बीएसबी देश का बेहतरीन बोर्ड बनेगा: इम्मानुएल
कोब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल ने सम्मेलन के प्रथम और समापन दिवस पर योग गुरु स्वामी रामदेव की उपस्थिति के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद सफल आयोजन रहा। सम्मेलन के तीन दिनों में कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं और विभिन्न अहम विषयों पर चर्चा हुई। बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर व्यापक मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय शिक्षा के माध्यम से भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में आगे बढ़ना भी इस सम्मेलन के विमर्श का प्रमुख विषय रहा। उन्होंने आशा जताई कि भारतीय शिक्षा बोर्ड देश का एक बेहतरीन शिक्षा बोर्ड बनेगा।
सभी शिक्षा बोर्ड मिलकर बच्चों का भविष्य संवारें: एनपी सिंह
भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष एनपी सिंह ने कहा कि देश के विभिन्न शिक्षा बोर्डों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उन्हें खुशी हुई। सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। प्रथम दिवस और समापन दिवस पर योग गुरु स्वामी रामदेव का सान्निध्य और आशीर्वाद मिला। उन्होंने विविधता, भाषा और शब्द के महत्व पर अपने विचार रखे। श्री सिंह ने स्व के बोध पर विशेष जोर देते हुए इसे बच्चों को समझाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि भविष्य में जब भी जरूरत होगी, भारतीय शिक्षा बोर्ड ऐसे आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार रहेगा। ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए विषय विशेषज्ञों की आवश्यकता हो या ब्रेनस्टॉर्मिंग के माध्यम से विचारों को आगे बढ़ाने की बात हो, भारतीय शिक्षा बोर्ड हर कदम पर सहयोग देने के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि केवल भारतीय शिक्षा बोर्ड ही नहीं, बल्कि देश के सभी शिक्षा बोर्डों को एक साथ खड़ा होना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों का बेहतर भविष्य गढ़ा जा सकता है।
शिक्षा के जरिए हो देश का निर्माण
योग गुरु स्वामी रामदेव ने समापन अवसर पर कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए केवल नारों से काम नहीं चलेगा, बल्कि शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ना होगा। भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में भी विश्व गुरु बनना जरूरी है। योग और आयुर्वेद भी शिक्षा के ही आयाम हैं। देश को आगे बढ़ाने के लिए सभी को एकजुट होकर एकीकृत दृष्टिकोण के साथ काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा में दृष्टि और दक्षता का समावेश होना चाहिए। बच्चों को हर विषय समग्रता के साथ समझाना हम सभी की जिम्मेदारी है। जीवन में विकल्प रहित संकल्प जरूरी है। मनुष्य को छोटे उद्देश्यों तक सीमित रहकर नहीं जीना चाहिए, क्योंकि जीवन बहुत विराट है। जगत के क्षणिक आकर्षणों में उलझने के बजाय समझदारी और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना चाहिए। बच्चों में उत्साह बनाए रखना और उनके चित्त एवं मानस का निर्माण करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
स्वामी रामदेव ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। इस अवसर पर स्वामी रामदेव ने कोब्से के चेयरमैन, सचिव और सदस्यों के परिवारों को दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में वेलनेस के लिए आमंत्रित किया।
सम्मेलन के समापन समारोह का संचालन भारतीय शिक्षा बोर्ड की डायरेक्टर (एकेडमिक) एवं सम्मेलन की नोडल अधिकारी डॉ. वंदना पाण्डेय ने किया। इस दौरान एफिलिएशन के नेशनल को-आर्डिनेटर स्वामी पुण्य देव, एडवाइजर सतेन्द्र पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
