Sunday, November 22, 2026 |
Home Main Newsभारत में चीनी का उत्पादन चार गुना बढ़ा

भारत में चीनी का उत्पादन चार गुना बढ़ा

एथेनॉल के लिए इस्तेमाल पर रोक से घरेलू उपलब्धता बढऩे का अनुमान

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर सरकार की ओर से प्रतिबंध लगाए जाने के फैसले से चालू एथेनॉल आपूर्ति वर्ष के पहले महीने में भारत का चीनी उत्पादन चार गुना से अधिक बढ़ गया है। यह जानकारी शनिवार को जारी रिपोर्ट में दी गई। आईसीआरए की रिपोर्ट के अनुसार, ईएसवाई 2027 के पहले महीने में घरेलू चीनी उत्पादन बढक़र 13 लाख मीट्रिक टन (एमटी) पर पहुंच गया। यह एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में काफी अधिक है। हालांकि, उद्योग के अनुमानों के मुताबिक मौजूदा चीनी सीजन में भंडार का स्तर अपेक्षाकृत कम बना हुआ है।
चीनी का भंडार ऐतिहासिक औसत से कम रहने की उम्मीद
रिपोर्ट में यह भी अनुमान जताया गया है कि एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर लगाई गई रोक से घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ेगी। ऐसा उस समय होगा, जब पिछले सीजन से आगे बढऩे वाला चीनी का भंडार ऐतिहासिक औसत से कम रहने का अनुमान है। इसके अलावा चीनी वर्ष,2027 (एसवाई2027) में शुद्ध चीनी उत्पादन 2.8 से 2.9 करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान है, जबकि चीनी वर्ष,2026 (एसवाई2026) में यह करीब 2.76 करोड़ मीट्रिक टन था। पिछले चीनी वर्ष में लगभग 30 लाख मीट्रिक टन चीनी का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन के लिए किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, 2.83 करोड़ मीट्रिक टन की अनुमानित घरेलू खपत के मुकाबले एसवाई2027 के अंत तक चीनी का बचा हुआ भंडार 35 से 45 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। यह एसवाई2026 के लिए अनुमानित 48 लाख मीट्रिक टन के भंडार से कम है। इसमें 10 लाख मीट्रिक टन के स्वीकृत आयात कोटे को भी शामिल किया गया है।
कमी के बावजूद इस माह घरेलू चीनी
की कीमतें मजबूत बनी रही
अनुमानित भंडार देश की दो महीने से भी कम की खपत के बराबर होगा, जो दो से तीन महीने के ऐतिहासिक मानक से नीचे है। हालांकि, त्योहारों के दौरान मजबूत मांग और आपूर्ति में कमी के बीच नवंबर में घरेलू चीनी की कीमतें मजबूत बनी रहीं। महाराष्ट्र में चीनी की कीमतें अक्टूबर के 49.1 रुपए प्रति किलोग्राम से बढक़र नवंबर में 51.4 रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं। वहीं, उत्तर प्रदेश में कीमतें 51.1 रुपए प्रति किलोग्राम से बढक़र 54.8 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गईं।
त्योहारों के दौरान भारी मांग रही और यूपी से उत्पादन धीमा रहा
आईसीआरए के अनुसार इसके परिणामस्वरूप, त्योहारों के दौरान भारी मांग और उत्तर प्रदेश से उत्पादन की धीमी रफ्तार के बीच अखिल भारतीय स्तर पर चीनी की कीमतें 51 रुपए प्रति किलोग्राम से बढक़र 54.7 रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं। इसके अलावा अक्टूबर के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चीनी की कीमतों में मजबूती दर्ज की गई। कच्ची चीनी की कीमतें सितंबर 2026 के 395 डॉलर प्रति मीट्रिक टन और अक्टूबर 2025 के 343 डॉलर प्रति मीट्रिक टन के मुकाबले बढक़र अक्टूबर 2026 में 445 डॉलर प्रति मीट्रिक टन हो गईं।
कच्ची चीनी के मुकाबले सफेद चीनी की कीमतों का अंतर घटा
इसी तरह, सफेद चीनी की कीमतें अक्टूबर में बढक़र 540 डॉलर प्रति मीट्रिक टन हो गईं, जबकि एक महीने पहले सितंबर में यह 519 डॉलर और एक साल पहले अक्टूबर में 440 डॉलर प्रति मीट्रिक टन थीं। अक्टूबर में कच्ची चीनी के मुकाबले सफेद चीनी की कीमतों का अंतर 97 डॉलर प्रति मीट्रिक टन था, जो घटकर 94 डॉलर प्रति मीट्रिक टन रह गया। इसके अलावा भारत के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के तहत ईएसवाई2026 में 20 प्रतिशत मिश्रण दर बनी रही। इस वर्ष के दौरान 1,089 करोड़ लीटर से अधिक एथेनॉल की आपूर्ति की गई, जिसमें अकेले अक्टूबर में 102 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति शामिल है।



You may also like

Leave a Comment