जयपुर। विश्व हृदय दिवस (World Heart Day) के उपलक्ष्य में प्रियंका हॉस्पिटल एंड कार्डियक सेंटर, मानसरोवर, जयपुर द्वारा आयोजित ‘Healthy Heart Cyclothon’ में एक अनोखा और प्रेरणादायक नजारा देखने को मिला। दिल को सेहतमंद रखने का संदेश देने के लिए राजस्थान पुलिस के शीर्ष अधिकारियों और डॉक्टरों ने न केवल कार्यक्रम में शिरकत की, बल्कि खुद साइकिल चलाकर आमजन का उत्साह बढ़ाया।
साइक्लोथॉन के मुख्य अतिथि राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री राजीव कुमार शर्मा, विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) श्री विजय कुमार सिंह एवं प्रियंका हॉस्पिटल के चेयरमैन व वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. जी. एल. शर्मा ने स्वयं साइकिल चलाई और लगभग 200 अन्य साइक्लिस्ट्स के साथ कदम से कदम मिलाकर रैली में भाग लिया। पुलिस के शीर्ष अधिकारियों और जाने-माने डॉक्टर को एक साथ पैडल मारते देख सड़कों पर मौजूद जयपुरवासियों ने तालियों से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में भारतीय एथलीट एवं पूर्व ओलंपियन श्री गोपाल सैनी भी ‘Guest of Honour’ के रूप में मौजूद रहे।
साइक्लोथॉन के समापन पर जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों और डॉक्टरों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब समाज के जिम्मेदार लोग खुद आगे बढ़कर फिटनेस का उदाहरण पेश करते हैं, तो उसका असर जनता पर गहराई से पड़ता है।
इस अवसर पर DGP श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा, “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क और मजबूत दिल का वास होता है। तनावमुक्त और एक्टिव रहने के लिए साइकिलिंग से बेहतर कोई माध्यम नहीं हो सकता।”
हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. जी. एल. शर्मा ने कहा, “हृदय रोग विशेषज्ञ होने के नाते मेरा मानना है कि दवाओं से बेहतर निवारण (Prevention) है। अगर हम रोज 30 मिनट भी साइकिल चलाएं तो दिल की बीमारियों का खतरा काफी कम हो जाता है। आज खुद साइकिल चलाकर हम यही संदेश समाज तक पहुंचाना चाहते थे।”

