भारत में युवा उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नीति आयोग समर्थित 8 वें Youth Co:Lab National Innovation Challenge 2026 के विजेताओं की घोषणा की गई है। इस प्रतियोगिता में देशभर के युवा नेतृत्व वाले छह स्टार्टअप को विजेता चुना गया, जिन्हें बीज अनुदान के साथ क्षमता विकास और व्यावसायिक विस्तार संबंधी सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।
यह प्रतियोगिता ऐसे नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित की गई थी जो सतत विकास को बढ़ावा दें। चयनित स्टार्टअप ने परिपत्र अर्थव्यवस्था, टिकाऊ वस्त्र एवं परिधान, टिकाऊ खाद्य प्रणाली और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अभिनव समाधान विकसित किए हैं। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम भारत और सिटी फाउंडेशन ने अटल नवाचार मिशन के सहयोग से किया, जबकि इसका क्रियान्वयन टी-हब फाउंडेशन द्वारा किया गया। इस वर्ष प्रतियोगिता में 28 राज्यों से 350 सेअधिक आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 50उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप को तीन माह के National Springboard Program में शामिल किया गया।
प्रतियोगिता के तीन प्रमुख विजेताओं को ₹.3.5 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा उन्हें क्षमता विकास, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र तक पहुंच जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। वहीं तीन उपविजेताओं को ₹.2.2 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई। तीन माह तक चलने वाला National Springboard Program पूरी तरह आभासी माध्यम से संचालित किया गया। इसमें 16 उद्योग विशेषज्ञों और विषय विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार, नवाचार प्रबंधन और बाजार तक पहुंच से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के दौरान सभी 50 स्टार्टअप ने National Innovation Dialogue में विशेषज्ञ निर्णायक मंडल के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके बाद शीर्ष 20 स्टार्टअप को हैदराबाद स्थित टी-हब में आयोजित Regional Immersion Bootcamp के लिए चुना गया। पांच दिवसीय इस विशेष कार्यक्रम में नवाचार क्षेत्र के अग्रणी विशेषज्ञ, निवेशक, सरकारी प्रतिनिधि और उद्यमी शामिल हुए। प्रतिभागियों को मास्टरक्लास, मार्गदर्शन सत्र, औद्योगिक भ्रमण और सह-अध्ययन गतिविधियों के माध्यम से अपने व्यवसाय मॉडल को मजबूत बनाने तथा व्यापक स्तर पर प्रभाव बढ़ाने के अवसर मिले।
तेलंगाना Innovation Cell के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेराज फहीम ने कहा कि Youth Co:Lab जैसे प्रयास नवाचार, सहयोग और युवा नेतृत्व की शक्ति को मजबूत करते हैं तथा समाज की प्रमुख चुनौतियों का समाधान खोजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अटल नवाचार मिशन के कार्यक्रम निदेशक प्रतीक देशमुख ने कहा कि भारत में स्टार्टअप की कमी नहीं है, बल्कि संसाधनों और अवसरों के समान वितरण की चुनौती है। उन्होंने कहा कि निवेश और मार्गदर्शन का बड़ा हिस्सा कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित है, जबकि छोटे शहरों, पूर्वोत्तर क्षेत्र, महिलाओं, दिव्यांग व्यक्तियों और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के उद्यमियों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते। ऐसे में Youth Co:Lab जैसे कार्यक्रम नवाचार को अधिक समावेशी बनाने में मदद करते हैं।
संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम भारत की रेजिडेंट प्रतिनिधि डॉ. एंजेला लुसिगी ने बताया कि चयनित उद्यमों में 40 प्रतिशतसेअधिक महिलाओं के नेतृत्व वाले हैं। यह दर्शाता है कि भारत का नवाचार तंत्र विविध प्रतिभाओं से समृद्ध हो रहा है और महिलाएं भी उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। भारत में सतत विकास, सामाजिक समावेशन और नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए आयोजित यह पहल युवा उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ देश के नवाचार परिदृश्य को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

