नई दिल्ली,
वर्ष 2025 में देश के लक्जरी आवास बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम ने अल्ट्रा-प्रीमियम आवासीय बिक्री के मामले में मुंबई को पीछे छोड़ दिया है और देश का सबसे तेज़ी से उभरता उच्च-स्तरीय आवासीय केंद्र बनकर सामने आया है। इंडिया सोथेबीज़ इंटरनेशनल रियल्टी और सीआरई मैट्रिक्स द्वारा जारी हाई-एंड लक्जरी हाउसिंग रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 के दौरान 10 करोड़ रुपये और उससे अधिक कीमत वाले मकानों में कुल 24,120 करोड़ रुपये के सौदे दर्ज किए गए। यह आंकड़ा गुरुग्राम के संपत्ति बाजार के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले कुल 1,494 मकान बिके, जो शहर में एक वर्ष के दौरान अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड है। पिछले दो वर्षों में कुल बिक्री मूल्य में लगभग छह गुना वृद्धि हुई है। वर्ष 2023 में जहां यह आंकड़ा 4,004 करोड़ रुपये था, वहीं 2025 में यह बढ़कर 24,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया। मूल्य के आधार पर देखें तो 10 करोड़ रुपये से अधिक श्रेणी में गुरुग्राम ने मुंबई को भी पीछे छोड़ दिया है। वर्ष 2025 में शहर के कुल आवासीय बाजार के मूल्य का लगभग 24 प्रतिशत हिस्सा अल्ट्रा-लक्जरी श्रेणी से आया।
इस श्रेणी में बिके मकानों का औसत सौदा आकार लगभग 16 करोड़ रुपये रहा, जो उच्च निवल संपत्ति वाले व्यक्तियों और अति-उच्च निवल संपत्ति वाले खरीदारों की मजबूत मांग को दर्शाता है। औसत मकान का आकार लगभग 5,000 वर्ग फुट रहा। रिपोर्ट में बताया गया कि 4,000 से 6,000 वर्ग फुट श्रेणी के मकानों का मूल्य के आधार पर बिक्री में दबदबा रहा, जबकि 8,000 वर्ग फुट से अधिक बड़े मकानों ने कुल लेनदेन मूल्य में लगभग 22 प्रतिशत का योगदान दिया।
इंडिया सोथेबीज़ इंटरनेशनल रियल्टी की एरिया निदेशक टीना तलवार ने कहा कि यह वृद्धि अब केवल पारंपरिक प्रीमियम इलाकों तक सीमित नहीं है। द्वारका एक्सप्रेसवे, गोल्फ कोर्स रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड जैसे उभरते सूक्ष्म बाजार विस्तार के अगले चरण को गति दे रहे हैं। सीआरई मैट्रिक्स के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक किरण गुप्ता ने कहा कि पिछले दो वर्षों में लक्जरी मकानों की बिक्री में लगभग दस गुना वृद्धि खरीदारों के निरंतर विश्वास और मजबूत पूंजी प्रवाह को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अब खरीदार अधिक चयनात्मक हो रहे हैं और प्रमुख स्थान, बेहतर निर्माण गुणवत्ता तथा ब्रांडेड परियोजनाओं में उपलब्ध प्रीमियम सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

