बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। देश की अग्रणी सीमेंट निर्माता कंपनी UltraTech Cement का वित्त वर्ष 2025-26 की दिसम्बर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 27 प्रतिशत बढ़कर 1,729.44 करोड़ रुपये रहा। Aditya Birla Group की इस प्रमुख कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही (अक्टूबर-दिसम्बर) में उसका शुद्ध लाभ 1,363.44 करोड़ रुपये रहा था। आलोच्य तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 21,829.68 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 17,778.83 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने कहा कि पिछली कुछ तिमाहियों के दौरान India Cements Limited (ICL), Birla White WallCare और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) स्थित RAKWCT के अधिग्रहण के कारण इस तिमाही के परिणाम पिछले वर्ष की समान अवधि के साथ सीधे तुलना करने योग्य नहीं हैं। इसके अलावा, Kesoram Industries के सीमेंट व्यवसाय का UltraTech Cement में विलय भी एक मार्च, 2025 से प्रभावी हो गया है। दिसम्बर तिमाही में UltraTech Cement की कुल एकीकृत आय 21,965.26 करोड़ रुपये रही। इस दौरान कंपनी की बिक्री मात्रा 15 प्रतिशत बढ़कर 33.85 Metric Ton रही। घरेलू ग्रे सीमेंट का उत्पादन भी 15.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 36.37 Metric Ton दर्ज किया गया।

